आगरालीक्स…आगरा में यमुना खतरे के निशान के बहुत करीब. मथुरा से आगरा की ओर 97362 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. बाढ़ की आशंका को लेकर एडवाइजरी जारी. नदी के पानी के किनारे न जाने की अपील
अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शुभांगी शुक्ला ने अवगत कराया है कि दिनांक 21 अगस्त को गोकुल बैराज, मथुरा से 97362 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना नदी का जल स्तर वर्तमान में 151.190 मीटर है, जो कि खतरे के निशान के बेहद करीब है। हालांकि सिंचाई विभाग, आगरा के अनुसार जलस्तर घट रहा है एवं शनिवार 23 अगस्त को भी जलस्तर घटेगा। तहसील सदर में यमुना नदी के लो फ्लड पर प्रभावित होने वाले ग्राम तनौरा, नूरपुर, कैलाश, स्वामी बाग, नगला बूढी, अमर विहार दयालबाग, मोती महल, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, यमुना किनारा रोड वेदान्त मन्दिर से फोर्ट एवं. तहसील फतेहाबाद में ग्राम भरापुर बमरौली, ईदौन, भडायना, भेवीकलों, गुडा मेवली खुर्द, हिमायूपुर आदि ग्राम प्रभावित होने की सम्भावना है।प्रशासन की अपील
उन्होंने शहरवासियों एवं ग्रामवासियों से अपील की है कि जरूरी कागजात जैसे राशन कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड को वॉटरफूफ बैग में रखें,क्लोरिन, ओ.आर.एस. तथा आवश्यक दवाइयां प्राथमिक उपचार किट में रखें, सूख अनाज व मवेशियों के चारे को किसी ऊँचे स्थान पर सुरक्षित रखें। बाढ़ की चेतावनी मिलते ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों, वृद्ध, दिव्यांगजन एवं बीमार व्यक्तियों को तुरन्त तहसीलों द्वारा स्थापित किये गये बाढ़ शरणांलयों में शरण लें। उबला हुआ या क्लोरिन युक्त पानी का उपयोग करें। बिजली का मुख्य स्विच व गैस रेगुलेटर को बन्द रखें। बाढ़ के सम्पर्क में आयी खाद्य सामग्रियों का सेवन न करें। डूबे हैंडपम्प के पानी का उपयोग न करें तथा पानी के किनारे न जायें, जरूरतमंद चीजों को ऊँचे स्थान पर रखें।
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शुभांगी शुक्ला ने आगे यह भी अवगत कराया है कि तहसील के राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वंय भ्रमणशील रहते हुऐ बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने एवं शहरवासियों एवं ग्रामवासियों को आवश्यक व्यवस्था कराने के साथ ही यदि जलस्तर में वृद्धि होती है तो, लोगों को तहसीलों में बनाये गये बाढ़ शरणांलयों में शिफ्ट किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु जनपद स्तर पर कन्ट्रोल रूम 24 घण्टे संचालित है, जिसका मोबाइल नं० 0562-2260550 एवं 09458095419 है।