आगरालीक्स…आगरा के श्री मनकामेश्वर मंदिर में गूंजा श्रीनाथ बाबा का छठी उत्सव, भजनों व श्रृंगार से भक्त हुए अभिभूत…
रावत पाड़ा स्थित प्राचीन व विख्यात मनकामेश्वर मंदिर में शुक्रवार को भक्तिभाव और उल्लास के बीच श्री नाथ जी बाबा का छठी उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और छठी उत्सव के भजनों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया। इस अवसर पर मंदिर के श्री महंत योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने श्रद्धालुओं को छठी उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठी उत्सव भगवान श्रीकृष्ण के जीवन का पावन पर्व है, जो भक्तों को निष्काम भक्ति, आनंद और सद्भाव का संदेश देता है।कार्यक्रम में श्री नाथ जी बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। फूलों, आभूषणों और विविध अलंकारों से सुसज्जित ठाकुर जी का दिव्य स्वरूप देखकर भक्त अभिभूत हो उठे और बार-बार दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते रहे। श्रृंगार के पश्चात भजनों की प्रस्तुतियों ने समूचे प्रांगण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने देर शाम तक कढ़ी चावल, हलवा, पूड़ी, सब्जी और अन्य पकवानों की प्रसादी ग्रहण की।
