आगरालीक्स… आगरा में हेलो गैंग पकडा गया है, ये मोबाइल पर लडकी की आवाज में बात कर पैसे जमा कराते थे, करोडों की ठगी कर चुके गैंग को आगरा के सदर से पुलिस ने अरेस्ट किया है।
गुरुवार को प्रेसवार्ता में एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि गिरोह सदर बाजार में किराए के मकान में रहकर ठगी कर रहा था। ये सोशल मीडिया पर पार्ट टाइम जॉब देने के लिए विज्ञापन देते थे।
गैंग का विज्ञापन महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों के लिए होता था। इसमें लिखे मोबाइल नंबर पर जब लोग कॉल करते थे तो गैंग के सदस्य एडकॉम कंपनी के मोबाइल के एक एप की मदद से युवती की आवाज में बात करते। बाद में खुद को सीनियर अधिकारी बताकर अपनी आवाज में बोलते थे।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस के 600 से 2000 रुपये तक लेते। नौकरी लग जाने का झांसा देकर सिक्योरिटी मनी बताकर तीन से पांच हजार रुपये पेटीएम व गूगल पे के माध्यम से जमा करा लेते थे। गिरोह छह महीने से सक्रिय था।
ये आरोपी पकड़े गए
गिरफ्तार अभियुक्तों में पिनाहट निवासी सचिन परिहार, मनीष ओझा, विपिन कुमार, रंजीत वर्मा, फिरोजाबाद निवासी अतुल राठौर, खेरा राठौर निवासी दिव्यांशु राठौर, जगदीशपुरा निवासी मोहम्मद शाहरुख, शमसाबाद निवासी प्रशांत गहलौत, भोगीपुरा निवासी अनिल कुमार, अलीगढ़ निवासी युवराज कुमार, किरावली निवासी मनोज सोलंकी, भरतपुर निवासी रवि, फिरोजाबाद निवासी विनय कुमार वर्मा हैं। वहीं पिनाहट निवासी रामब्रज और सौरभ फरार हैं।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से 28 मोबाइल फोन, आठ एडकॉम कंपनी (वॉयस चैन्जर) के, बरामद हुए हैं। इसके अलावा दो लैपटॉप, चार रजिस्टर, सात एटीएम कार्ड, चार आधार कार्ड, दो वोटर कार्ड, दो पेन कार्ड बरामद किए हैं।
बीटेक पास हैं युवक
गैंग के मास्टर माइंड अतुल, सचिन, अनिल और रामब्रज हैं। रवि बीटेक पास है। अतुल की आरपीएफ में नौकरी लग गई थी, लेकिन वह फिर भी इस काम में बना रहा। सौरभ गैंग को बैंक एकाउंट उपलब्ध कराता था।