आगरालीक्स…श्याम प्यारे तेरे गीत गाता रहूं, तू बुलाए ब्रज से मैं आता रहूं…. आगरा के श्याम सेवक परिवार ने खाटूधाम में अर्पित किए 1500 से अधिक निशान
सिर पर साफा, हाथों में निशान, नंगे पांव और खाटू धाम की ओर पग पग चलते हजारों भक्तों के कदम। अगवानी करते चलते ऊंट, घोड़े। भव्यता को सुमधुर भजनों से दिव्यता प्रदान करती रजनी राजस्थानी की आवाज। ब्रज धाम आगरा के हजारों श्याम प्रेमियों की भक्ति से वातावरण राजस्थान में खाटू नगरी रिंगस को सतरंगी रूप दे रहा था। श्रीखाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट, आगरा के सानिध्य में श्रीश्याम सेवक परिवार समिति (रजि.) द्वारा चलो खाटू धाम, भव्य निशान यात्रा एवं छप्पन भाेग का आयोजन शुक्रवार को राजस्थान के रिंगस में किया गया। दो दिवसीय आयोजन के अंतर्गत प्रथम दिवस भव्य निशान यात्रा रींगस के प्रधान गेस्ट हाउस से खाटू श्याम जी मंदिर तक निकाली गयी। सर्वप्रथम हनुमान जी एवं श्याम बाबा मंदिर में ध्वजों का विधिवत पूजन विधि किया गया। श्याम बाबा की अंखड ज्योत प्रज्जवलित कर रथ को निशान यात्रा के साथ रवाना किया गया।
निशान यात्रा में लाइव बैंड पर रजनी राजस्थानी के मधुर भजनों नसीब खाेटो है पर मालिक मोटो है…, ये बाबा तो मेरा रखवाला है…, आता रहूंगा दर पर तुम्हारे…आदि पर श्याम प्रेम मंत्रमुग्ध हो झूमते हुए चले। दो से तीन किमी तक पदयात्रा में बस निशान और भगवा साफा बांधे भक्तों के सिर ही सिर शीश के दानी की भक्ति में लीन नजर आ रहे थे। निशानाें के साथ चांदी का छत्र भी मंदिर की ओर ले जाया जा रहा था, जोकि शनिवार को मंदिर में अर्पित होगा। निशान यात्रा के दौरान भव्य आतिशबाजी एवं मार्ग में रंगोली सज्जा भी की गयी। लगभग 50 द्वारों से होकर निकली निशान यात्रा का मार्ग में जगह− जगह स्वागत किया गया। विशेष श्रंगार से श्रंगारित खाटू नरेश के दर्शनों के साथ तोरणद्वार पर करीब 1500 निशान आगरा के भक्तों ने अर्पित किये। खाटू नरेश को 56 भोग भी अर्पित किये गए। इसके बाद कला भवन में भजन संध्या को रजनी राजस्थानी ने फिर से भक्तिमय बनाया।