आगरालीक्स …आगरा में एक युवा कारोबारी ने सुसाइड कर ली, परिजनों का कहना है कि जीएसटी लागू होने के बाद से युवा कारोबारी तनाव में थे और उनका इलाज चल रहा था। वे शुक्रवार सुबह टहलने गए थे, उनका शव टीपी नगर में पेड पर लटका हुआ मिला।
जीएसटी लागू होने के बाद से बाजार ठंडा पडा हुआ है, इससे व्यापारी परेशान हैं। परिजनों ने बताया कि मोतीगंज में किराना कारोबारी 35 वर्षीय हरीश अग्रवाल भी जीएसटी लागू होने के बाद से तनाव में चल रहे थे। वे जीवनी मंडी के मयूर अपार्टमेंट में रहते हैं, उनका डॉक्टर से इलाज चल रहा था।
पेड पर लटका मिला शव
हरीश अग्रवाल सुबह अपने घर जीवनी मंडी स्थित मयूर अपार्टमेंट से मार्निंग वॉक के लिए निकले थे। काफी देर बाद भी उनके घर न लौटने पर परिजन परेशान हो गए, वे हरीश अग्रवाल की तलाश में जुट गए। कुछ देर बाद उनका शव टीपी नगर में पेड पर लटका मिला।
जीएसटी से मिला तनाव
हरीश के दादा रोशन लाल अग्रवाल ने बताया कि उनकी मोती गंज में दुर्गा किराना स्टोर के नाम से फर्म है। इसमें यमुना ब्रिज निवासी मुरारी लाल अग्रवाल साझीदार हैं। एक जुलाई से जीएसटी लागू होने के बाद से हरीश तनाव में थे। जीएसटी को लेकर घर में कहते थे कि ऐसा न हो उनको हथकड़ी लग जाए। पिछले माह परिजनों ने उन्हें मनोचिकित्सक को भी दिखाया। दो दिन दवा खाने के बाद हालात में सुधार नहीं दिखा तो हरीश ने दवा बंद कर दी।
जीएसटी का मैसेज आते ही घबरा जाते थे कारोबारी
मोबाइल पर जीएसटी का मैसेज आते ही वह घबरा जाते थे।परिजनों ने इसी अवसाद में खुदकशी करने की आशंका जताई है। हालांकि हरीश की जेब से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। व्यापारी की मौत की खबर मिलते ही मोती गंज बाजार शोक में बंद हो गया। सभी व्यापारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। इंस्पेक्टर हरीपर्वत जयकरण सिंह ने बताया कि व्यापारी ने फंदे से लटककर खुदकशी की है। इसके पीछे परिजन जीएसटी का तनाव बता रहे हैं। अन्य कारणों के बारे में पता किया जा रहा है।