आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा के जीवनी मंडी खाटू श्याम मंदिर में खेली गई टॉफी और चॉकलेट की होली. नीले पुष्पों से सजा अलौकिक श्रृंगार, संकीर्तन के संग भक्तों ने लिया दिव्य आनंद
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में चल रहे फागुन महोत्सव के चतुर्थ दिवस श्याम दरबार में एक अनूठा और भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। इस दिन श्रद्धालुओं के साथ ट्रॉफी और चॉकलेट की होली बड़े उत्साह और भक्ति भाव से खेली गई। श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार ट्रॉफियों, रंग-बिरंगी चॉकलेटों और मनोहारी नीले पुष्पों से किया गया। नीले रंग के फूलों से सजा दरबार अत्यंत आकर्षक प्रतीत हो रहा था, मानो स्वयं आकाश की शीतल छटा बाबा के चरणों में उतर आई हो। ट्रॉफियों से सुसज्जित सिंहासन विजय और गौरव का प्रतीक बन गया, तो चॉकलेटों की मधुरता ने वातावरण को स्नेह और आनंद से भर दिया।सुमधुर संकीर्तन की स्वर लहरियों के मध्य जब “श्याम नाम” का गुणगान हुआ, तो भक्तों ने बाबा के साथ इस अनोखी होली का भरपूर आनंद लिया। भजनों की धुन पर झूमते श्रद्धालु, जयघोषों की गूंज और चॉकलेटों की बौछार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि फागुन महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग स्वरूपों में होली का आयोजन किया जा रहा है, जिससे भक्तों को विविध भावों में श्याम प्रभु की सेवा और उत्सव का अवसर मिल रहा है। चतुर्थ दिवस की श्रृंगार एवं पोशाक सेवा विक्रम अग्रवाल एवं बबीता अग्रवाल द्वारा, इत्र सेवा पूजा शर्मा एवं कृष्ण मुरारी शर्मा द्वारा, टॉफी-चॉकलेट सेवा शोभित गोयल द्वारा तथा लाइटिंग सेवा कृष्ण देव जी द्वारा श्रद्धापूर्वक संपन्न की गई।
ट्रस्टी मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया कि फागुन का यह महोत्सव श्याम भक्तों के लिए आस्था और आनंद का महापर्व बन चुका है। मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को रंग भरनी एकादशी पर गुलाल की होली होगी। महोत्सव की व्यवस्थाएं संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल आदि संभाल रहे हैं।