आगरालीक्स… कोरोना ने आगरा थाम दिया है कोरोना ना होता तो आज राम बारात निकलती, पूरा शहर जगमगाता, लाला चन्नोमल की बारहदरी से राजा दशरथ, राम, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न की बारात लेकर निकलते, रावतपाडा, बेलनगंज, घटिया आजम खां होते हुए अगले दिन सुबह जनकपुरी पहुंचती। मगर, इस बार कोरोना संक्रमण के चलते राम बारात और जनकपुरी आयोजन रदृद कर दिया गया है। पिछले साल की राम बारात का आनलाइन टेलीकास्ट किया जा रहा है।
आगरा की 135 साल पुरानी राम बारात को देखने के लिए आगरा के साथ ही आस पास के शहरों से लोग आते थे, पुराना शहर सिया राम मय हो जाता था, सतरंगी रोशनी में सिया राम के जयकारे के साथ ही झांकियां निकलती थी, इसके साथ ही राजा दशरथ, राम सहित चारों भाई की झांकी का दर्शन करने के लिए रास्ते में सैकडों लोग खडे रहते थे। देर रात तक लोगों की चहल कदमी रहती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। कोरोना के चलते लोग घर पर हैं।