आगरालीक्स… आगरा के लिए बड़ी उपलब्धि, डॉ जयदीप मल्होत्रा बनीं इसार की प्रेजिडेंट, शहर कीं जानी-मानी चिकित्सक डा. जयदीप मल्होत्रा को इंडियन सोसायटी फाॅर असिस्टेड रिप्रोडक्शन (इसार) का अध्यक्ष बनाया गया है। यह भारत का सबसे बड़ी और विश्व की दूसरी सबसे बड़ी आईवीएफ विशेषज्ञों का संगठन है।


01 से 03 मार्च 2019 तक मुंबई में हुए इसार के 24वें वार्षिक सम्मेलन में आगरा कीं डा. जयदीप मल्होत्रा को संगठन के अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई। इस मौके पर मौजूद तकरीबन 3200 आईवीएफ विशेषज्ञों और एंब्रियोलाॅजिस्ट को संबोधित करते हुए डा. जयदीप ने कहा कि भारत में बांझपन और स्त्रियों की इससे जुड़ी दूसरी समस्याओं पर और बेहतरी से काम करना है। इस वर्ष के लक्ष्यों में एक यह भी है कि बांझपन के लिए बीमा की भारत सरकार से सिफारिश करनी है, एआरटी के लिए नए नियम निर्धारित करने हैं, इस क्षेत्र में डाटा संग्रह और शोध कार्यों को बढ़ावा देना है। इसके अलावा एथिकल प्रेक्टिस, न्यू डिजिटल क्लीनिकल मैनेजमेंट सिस्टम और भारत सरकार के साथ समन्वय स्थापित करना भी इसका एक हिस्सा है। आगरा वापस लौटने पर डा. जयदीप ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष संगठन को ‘बैटर प्रेक्टिस, बैटर आउटकम्स’ की थीम दी है। मुंबई में सम्मेलन में शामिल हुए वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. नरेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि यह संगठन देश और देश से बाहर आईवीएफ एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग क्षेत्र में काम कर रहे चिकित्सकों का ज्ञानवर्धन और मार्गदर्शन करता है। सम्मेलन में इस वर्ष करीब 13 राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय संगठन शामिल हुए।

गौरतलब है कि इससे पूर्व वर्ष 2018 में डा. जयदीप फेडरेशन आॅफ आॅब्सटेट्रिकल एंड गायनेलाॅजिकल सोसायटी आॅफ इंडिया (फाॅग्सी) की प्रेसीडेंट रही हैं। इस पद पर काबिज रहते हुए उन्होंने न सिर्फ कई नई योजनाएं लांच कीं बल्कि देश में महिला स्वास्थ्य के मुद्दे को महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण तक बढ़ाया। इसके अलावा भी वह देश-विदेश के तमाम संगठनों में महत्वपूर्ण पद संभाल रही हैं।