आगरालीक्स ….दुखद..आगरा के आर्थोपेडिक सर्जन, सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले डॉ. सुभाष शल्या का निधन, आज आगरा में होगा अंतिम संस्कार.
आगरा के फतेहाबाद के रहने वाले डॉ. सुभाष शल्या ने एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा से एमबीबीएस और उसके बाद एमएस किया था। वे दिल्ली में रह रहे थे और अपना क्लीनिक चलाते थे साथ ही कई निजी हॉस्पिटल में भी काम कर रहे थे। गुरुवार सुबह अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि डॉ. सुभाष शल्या को कार्डियक अरेस्ट होने पर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

15 दिन से चल रहे थे बीमार
कोरोना के बाद डेंगू से बिगड़ी तबीयत
डॉ. सुभाष शल्या को जनवरी में कोरोना हुआ था, कोरोना से ठीक होने के बाद उन्हें डेंगू हो गया। डेंगू होने पर उन्हें अपोलो हॉस्पिटल, दिल्ली में भर्ती किया गया। हीमोग्लोबिन कम होने पर हर रोज पांच यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया लेकिन उनका गुरुवार को निधन हो गया।
एसएन के 1976 बैच के एमबीबीएस, दो बार किया एमएस
डॉ. सुभाष शल्या एसएन मेडिकल कॉलेज के 1976 बैच के एमबीबीएस थे, उन्होंने पहले एमएस सर्जरी और उसके बाद एमएस आर्थोपेडिक किया। एसएन में उन्होंने दो साल काम भी किया।
आज आगरा में अंतिम संस्कार
डॉ. सुभाष शल्या की शव यात्रा निज निवास ताजगंज (गुम्मट ) से मोक्ष धाम ताजगंज के लिऐ सांय 6 बजे प्रस्थान करेगी।
घुटनों के दर्द से पीड़ित मरीजों का बढ़ाते थे हौसला
डॉ. सुभाष शल्या सस्ते इलाज के लिए भी जाने जाते थे। बुजुर्ग जिन्हें घुटने के दर्द की समस्या होती थी उनका वे हौसला बढ़ाते थे और बिना ट्रांसप्लांट किए किस तरह से घुटनों के दर्द से राहत मिल सकती है इसके लिए सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करते थे। इसके साथ ही डॉ. सुभाष शल्या को घूमने का भी शौक था। वे जहां भी जाते थे वहां के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करते थे।