आगरालीक्स …आगरा में एक अक्तूबर से एयर इंडिया की हवाई उड़ान शुरू कर दी जाएगी, आगरा को देश के अन्य शहरों से जोड़ने के लिए प्राइवेट एयरलाइंस के साथ अगले सप्ताह बैठक होगी, जिसमें आपरेटरों को आगरा हवाई अड्डे पर ट्रैफिक और यात्री सुविधाओं की जानकारी देकर फ्लाइट शुरू करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
शुक्रवार को खेरिया हवाई अड्डे पर एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की सलाहकार समिति की बैठक हुई, एयरपोर्ट अथारिटी निदेशक प्रभाकर मिश्रा ने समिति को एयरपोर्ट पर चल रहे कामों और फ्लाइट से जुड़ी जानकारियां दीं।
राज्य सरकार द्वारा धनौली की ओर प्रस्तावित नए सिविल एन्क्लेव के बारे में प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि एयरफोर्स की बाउंड्री और स्टेट हाईवे 39 के बीच 55.29 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इस पर राज्य सरकार एन्क्लेव बनाएगी। एयरपोर्ट अथारिटी से तकनीकी सलाह ली जाएगी लेकिन इसका निर्माण राज्य सरकार करेगी। जल्द ही मुख्यालय स्तर पर एमओयू साइन हो जाएगा।
एडीएम सिटी ने बताया कि 23 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री हो चुकी है। तीन महीने में अधिग्रहण का काम पूरा हो जाएगा। सलाहकार समिति सदस्यों ने टर्मिनल की सुविधाओं और सफाई का निरीक्षण किया।
बस से जाएंगे यात्री
अक्तूबर में एयर इंडिया की फ्लाइट शुरू होने पर यात्रियों को एयरफोर्स के अर्जुन नगर गेट से टर्मिनल तक पहुंचने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। वरिष्ठ वायु यातायात नियंत्रण अधिकारी नागेंद्र ने सुझाव दिया कि अर्जुन नगर गेट पर अस्थायी शेड बना दिया जाए, जिसमें यात्रियों के बैठने, जनसुविधाएं और पार्किंग हो। अथारिटी की दो बसें यात्रियों को टर्मिनल तक वहीं से ले जाएं। एयरपोर्ट अथारिटी दो बसें चलाने के साथ अस्थायी शेड का काम करेगी।
कमेटी गठित
इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर दी गई है। यह कमेटी इस प्रोजेक्ट से संबंधित नीतिगत मामले सुलझाएगी। इस प्रोजेक्ट को मूर्तरूप प्रदान करने और निगरानी के लिए भी तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
Leave a comment