आगरालीक्स… आगरा आए प्रमुख सचिव पर्यटन नवनीत सहगल का ताजगंज प्रोजेक्ट के 100 मीटर के मॉडल को देखकर पारा चढ गया, कहा कि काम नहीं सुधारा तो बोरिया बिस्तर बांधने को तैयार रहें। शनिवार शाम को प्रमुख सचिव पर्यटन नवनीत सहगल ताजगंज प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने आए थे, इसका अक्टूबर में सीएम अखिलेश यादव को शुभारंभ करना है, प्रोजेक्ट तैयार करने से पहले उन्होंने 100 मीटर का मॉडल तैयार करने के लिए कहा था। इस प्रोजेक्ट में पर्यटकों को ताजमहल के आस पास घूमने के लिए अच्छे रोड सहित सुरक्षा के लिए सीसीटीवी सहित अन्य उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे पर्यटक आगरा को अंतरराष्र्टीय शहर की तरह से देखें।
प्रदेश के प्रमुख सचिव पर्यटन नवनीत सहगल शनिवार को शाम हेलीकॉप्टर से पीएसी ग्राउंड से सीधे ताजखेमा पहुंचे। यहां उन्होंने 100 मीटर के उस हिस्से को देखा जिसे बनाने के लिए वह स्वयं कहकर गए थे। इस हिस्से को ही माडल के रूप में बताकर भी गए थे, लेकिन उसमें भी कमी पाए जाने पर वे नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि टायल्स को ऊंचा नीचा लगाने से सैलानियों को चलने में दिक्कत होगी। प्रमुख सचिव ने लैंड स्केपिंग के हिस्से को भी सही करने की हिदायत दी। साथ ही सड़क के किनारे की गई लाइटिंग को भी ठीक तरह से लगाने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव ने कहा कि बार-बार समझाने के बाद भी काम ठीक से नहीं हो पा रहा है। इसका भविष्य में ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि वे इस महीने कम से कम दो बार फिर आकर निरीक्षण करेंगे। किसी तरह की कमी नहीं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरव दयाल, सचिव एडीए राजकुमार, संयुक्त निदेशक पर्यटन उ0प्र0 पी.के. सिंह, उप निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार, राजकीय निर्माण निगम के महाप्रबन्धक गहलोत प्रोजेक्ट मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूर रहे।
।
फिल्म शूटिंग में अव्वल है यूपी
उन्होंने बताया कि यूपी में इतनी अच्छी लोकेशन हैं कि लोग यहां आकर्षित हो रहे हैं। प्रदेश के फिल्म नीति का ही असर कहा जाएगा कि पूरे राज्य में इस समय 125 फिल्मों की शूटिंग चल रहीं हैं। होटल ताजखेमा और मेहताब बाग में रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए जाने के लिए योजना बनाई जा रही है। यहां कार्यक्रम होने से लोगों में इस लोकेशन के प्रति न सिर्फ आकर्षण बढ़ेगा बल्कि उनका रात्रि प्रवास भी बढ़ेगा।
Leave a comment