आगरालीक्स.. आगरा में लाइसेंसी पिस्टल और बंदूक से शादी समारोह से लेकर बर्थ डे में फायरिंग करने वालों पर बडी कार्रवाई, शस्त्र लाइसेंस निलंबित और निरस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। जिले के 40 हजार शस्त्र लाइसेंस का सत्यापन कराया जा रहा है, इसमें देखा जा रहा है कि कारतूस का कहां इस्तेमाल किया गया। पिस्टल से शादी समारोह और कार्यक्रम में कारतूस के इस्तेमाल की रिपोर्ट मिलने के बाद लाइसेंस निरस्त किए जा रहे हैं। अभी तक 700 लाइसेंस का सत्यापन हुआ है, इसमें से 165 में सामने आया है कि लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की जा रही है। इनके लाइसेंस निरस्त किए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,एसएसपी अमित पाठक ने पिछले दिनों कारतूसों का सत्यापन शुरू कराया था। 70 शस्त्र लाइसेंस में 11 हजार से अधिक कारतूसों के गायब मिलने के बाद उन्होंने बड़े स्तर पर सत्यापन कराया। पुलिस ने सात सौ शस्त्र लाइसेंस की सूची तैयार की। इसकी रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई। विभिन्न प्रशासनिक अफसरों ने शस्त्र लाइसेंस धारकों को नोटिस जारी किए। इनसे कारतूस का ब्योरा मांगा गया। जिस पर अब डेढ़ सौ शस्त्र लाइसेंस को निरस्त किया जा रहा है।
मीडिया से डीएम एनजी रवि कुमार का कहना है कि चुनाव आचार संहिता के समय लाइसेंस जमा करने से पहले कारतूसों का हिसाब न देने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया था। कई अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। जिनके पास कारतूस खर्च करने से संबंधित ब्योरा नहीं हैं, उन्हें निरस्त किया जाएगा।
फाइल फोटो