आगरालीक्स… आगरा में खंदारी में महिलाओं के विरोध के बाद भी अतिक्रमण ढहा दिए गए, कमला नगर में भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और कारोबारियों ने अधिकारियों को घेर लिया। इसके चलते आवास विकास परिषद की टीम को अवैध निर्माण को सील किए बिना ही लौटना पडा। एडीएम सिटी का मीडिया से कहना है कि जून के पहले सप्ताह में अवैध निर्माण को सील किया जाएगा।
आगरा में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चल रहा है। मंगलवार को नगर निगम के सचल दस्ता प्रभारी कर्नल एके सिंह टीम के साथ पहुंचे। जेसीबी से दुकानों के कुछ हिस्से को ध्वस्त कर दिया। दुकानदारों की भीड़ जुट गई। महिलाएं भी जेसीबी के सामने आकर नारेबाजी करने लगीं। किसी तरीके से स्थिति को संभाला गया। टीम ने 16 दुकानों के अगले हिस्से को तोड़ दिया। वहीं सचल दस्ते ने आठ होर्डिग, 11 बैनर को जब्त किया।
पॉलीथिन की गई जब्त, लगाया जुर्माना
सेनेटरी इंस्पेक्टर ने बताया कि पॉलीथिन के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। बीस दुकानों पर छापे में साढ़े तीन किग्रा पॉलीथिन जब्त की गई। आधा दर्जन दुकानदारों पर 38 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सील किए बिना लौट गई टीम
कमलानगर और द्वारिकापुरम में नक्शे के विपरीत निर्माण किया जा रहा है। आवास विकास परिषद खंड-28 के अधिशासी अभियंता ने निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए थे। मंगलवार दोपहर 12 बजे एसीएम प्रथम विनोद जोशी, डिप्टी कलक्टर डीपी सिंह सहित तीन थानों का फोर्स कमलानगर बी ब्लॉक पहुंच गए। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना था कि जिनका नक्शा पास है विभाग उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर रहा है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, अमित अग्रवाल सहित अन्य पहुंच गए। लोगों ने अपनी बात विधायक के सामने रखी। इस दौरान करीब ढाई सौ लोगों ने अफसरों को घेर लिया। भीड़ बढ़ती देख अफसरों ने भवनों को सील करने की कार्रवाई को रोक दिया। एडीएम सिटी केपी सिंह ने बताया कि जून के पहले सप्ताह में कार्रवाई की जाएगी।
फाइल फोटो