आगरालीक्स ..स्मार्ट सिटी आगरा का भगवान टॉकीज चौराहा चमकने लगेगा, फ्लाइओवर के नीचे पार्किंग और टॉयलेट होंगी, इसके लिए एसएसपी अमित पाठक ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
भगवान टॉकीज चौराहे पर जाम लगा रहता है, इसे देखते हुए एसएसपी अमित पाठक ने चौराहे का कायाकल्प करने को प्लान तैयार कराया था। इसमें फ्लाइओवर के नीचे शौचालय और वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करने के साथ ही चौराहे से वाहनों के खड़े होने की दूरी भी तय है। अवस्थापना निधि से यहां निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ रूपये स्वीकृत हो चुके थे। आवास विकास परिषद द्वारा अब यहां काम कराया जा रहा है। एसएसपी अमित पाठक गुरुवार को दोपहर एक बजे यहां स्थिति का जायजा लेने पहुंच गए। उनके साथ एनएचएआइ आवास विकास परिषद, जल निगम के अधिकारी मौजूद थे। भगवान टॉकीज से अबुल उल्लाह दरगाह को जाने वाले हाईवे के सर्विस रोड पर सीवर कार्य चल रहा है। इसके कारण रोड टूटी हुई है। यहां निर्माण करा रही जल निगम की कंस्ट्रक्शन एंड डिजायन सर्विसेज (सी एंड डीएस) द्वारा केवल उतनी ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जितनी सीवर कार्य के लिए तोड़ी जाएगी। एसएसपी ने एनएचएआइ के अधिकारियों से सर्विस रोड को चौड़ी करने को कहा। इसके लिए वे प्रस्ताव भेजेंगे। बारिश से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।