आगरालीक्स…(6 November 2021 Agra News) आगरा में पुलिसवाले बनकर आए ठग. व्यापारी से कहा—आगे लूट हुई है चलो अंगूठी, कड़ा और चेन उतारो. ऐसे लगा दिया पांच लाख का चूना..शिकायत दर्ज
कमला नगर का मामला
आगरा के कमला नगर क्षेत्र में दो शातिर ठगों ने पुलिसवाला बनकर व्यापारी को निशाना बना लिया. शातिर व्यापारी से पांख लाख रुपये के गहने उतरवाकर ले गए. व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. मामला श्रीराम चौक का है. बल्केश्वर के सीताराम कॉलोनी फेस 2 में रहने वाले सुनील कुमार अग्रवाल का लोहे की ढलाई का व्यापार है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर को वह कमला नगर श्रीराम चौक से वापस अपने स्कूटर से लौट रहे थे. रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और खुद को पुलिसवाला बताया. दोनों युवको ने पहले तो देर से गाड़ी रोकने पर उन्हें डांटा और फिर कहा कि तुम्हें नहीं मालूम आगे लूट हुई है और इसके बाद भी तुम गहने पहनकर जा रहे हो.
ऐसे ले लिया व्यापारी का भरोसा
इसी दौरान एक और युवक वहां से थैला लेकर निकला. उसको भी दोनेां बाइक सवार युवकों ने रोक लिया और कहा कि गहने पहन कर क्यों चल रहे हो, दोनों ने उसके गहने ओर रुपये कागज में रखवाकर उसे दे दिए. इसके बाद युवक वहां से चला गया. इसके बाद व्यापारी सुनील कुमार को भरोसा हो गया. शातिर युवकों ने व्यापारी से कहा कि चलो अपने गहने उतारो और डिग्गी में रखा. इस पर सुनील अग्रवाल ने अपना सोने का कड़ा, चेन और चार अंगूठी उतारकर उन्हेंदे दी. इस पर एक युवक ने कागज में लपेटकर उनकी स्कूटी की डिग्गी में रख दी. इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए.
आगे चलकर व्यापारी सुनील कुमार ने डिग्गी खोलकर कागज को खोला तो उसमें पत्थर और एक नकली चूड़ी थी.यह देखकर उनके होश उड़ गए. सुनील अग्रवाल के अनुसार उनके गहनों की कीमत करीब पांच लाख रुपये हैं जिनमें एक अंगूठी तो हीरे की है. इस संबंध में पुलिस में शिकातय दर्ज कराई गई है.