आगरालीक्स…(6 November 2021 Agra News) आगरा के सिनेमाघर—मल्टीप्लैक्स में जबर्दस्त भीड़. सूर्यवंशी के सभी शो हाउसफुल जा रहे हैं. पहले दिन 30 हजार लोगों ने देखी सूर्यवंशी. जानिए रिकॉर्ड कलैक्शन….
सूर्यवंशी का जबर्दस्त क्रेज
पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से कोरोना के कारण मंदी की जबर्दस्त मार झेल रहे सिनेमाघर व मल्टीप्लैक्स के लिए ये दिवाली किसी गिफ्ट से कम नहीं साबित हुई है. गिफ्ट ऐसा भी जिसने आगरा में रिकॉर्ड कलैक्शन करा दिया और ये खुशी दी है अक्षय कुमार, अजय देवगन और रनवीर सिंह, कैटरीना कैफ अभिनीत और रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सूर्यवंशी ने. आगरा की सिंगल स्क्रीन में सूर्यवंशी का जबर्दस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. पहले दिन के सभी शो हाउसफुल रहे. डेढ़ साल बाद ऐसा पहली बार मौका देखने को मिला जब सिनेमाघरों के बाहर हाउसफुल का बोर्ड लगा हुआ दिखाई दिया. यही नहीं एडवांस बुकिंग के लिए भी जबर्दस्त मारामारी देखने को मिली. हाल ये है कि आज भाईदूज के अवसर पर ही सुबह ही सभी शो एडवांस बुकिंग के चलते हाउसफुल हो गए.
आगरा में पहले दिन 29 लाख का कलैक्शन
अक्षय कुमार की सूर्यवंशी ने यूं तो पूरे देश में पहले दिन 27 करोड़ का बिजनेस किया है लेकिन अगर बात आगरा की करें तो आगरा में पहले दिन सूर्यवंशी ने 29 लाख का जबर्दस्त बिजनेस किया है. आगरा के सिनेमाघर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध गर्ग का कहना है कि सूर्यवंशी ने पहले दिन आगरा में 29 लाख का बिजनेस दिया है. इनमें मल्टीप्लैक्स में जहां 17 लाख का बिजनेस हुआ तो वहीं सिंगल स्क्रीन में 12 लाख का कलैक्शन पहले दिन हुआ है. उन्होंने बतायाकि पहले दिन यानी शुक्रवार को सूर्यवंशी को आगरा में ही करीब 25 से 30 हजार लोगों ने देखा है.
सोमवार तक जर्बदस्त रहेगा क्रेज
सूर्यवंशी ने आगरा के सिनेमाघरों को जो बूस्ट दिया है वह सिनेमाघर मालिकों के चेहरे पर मुस्कान लेकर आया है. शुक्रवार और शनिवार को हाउसफुल रहने वाले सभी शो आने वाले दो दिनों तक और फुल रहने वाले हैं. एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध गर्ग का कहना है कि सूर्यवंशी फिल्म को लोगों ने पसंद किया है, यही कारण है कि इसे देखने के लिए लोगों की जबर्दस्त भीड़ उमड़ी है. कल रविवार और फिर सोमवार को भी रिकॉर्ड कलैक्शन देखने को मिल सकता है.
जारी है सिनेमा का चार्म
कोविड के दौरान लोगों का सिनेमाघरों में तो जाना नहीं हुआ लेकिन शानदार एक्टिंग और कहानियों के दम पर ओटीटी प्लेटफार्म ने फिल्मों से लोगों को जोड़े रखा. पिछले डेढ़ साल से लोग ओटीटी पर ही फिल्में देखना पसंद कर रहे हैं. यही कारण है कि सूर्यवंशी फिल्म के थियेटर और मल्टीप्लैक्स में रिलीज होने पर दर्शकों की पसंद को देखा जाना था. लेकिन सूर्यवंशी को देखने के लिए जिस तरह से पब्लिक थियेटर और मल्टीप्लैक्स में आई है उसने बताया है कि आज भी सिनेमाघर का चार्म लोगों में है और आगे भी रहेगा.