आगरालीक्स… रक्तदान जीवनदान है। आगरा में एम केयर सोसाइटी की ओर से पुष्पा मां समाज चैरिटेबिल ब्लड बैंक के सहयोग से रेनबो हाॅस्पिटल में रविवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें रक्तदाताओं ने बढ-चढ कर हिस्सा लिया। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चले शिविर में रेनबो हाॅस्पिटल के कर्मचारियों समेत लगभग 100 लोगों ने रक्तदान किया। सोसाइटी के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि अनायास दुर्घटना या बीमारी का शिकार कोई भी हो सकता है। आज हम सभी शिक्षित व सभ्य समाज के नागरिक हैं, जो केवल अपनी नहीं बल्कि दूसरों की भलाई के लिए भी सोचते हैं तो क्यों न हम रक्तदान के पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें और लोगों को जीवनदान दें। चीफ एक्जिक्यूटिव प्रवीण कुमार गुप्ता ने कहा कि रक्तदान के लिए हम सभी को आगे आना चाहिए। इसके बारे में कोई भ्रांति नहीं होनी चाहिए। हम सभी का कर्तव्य है कि रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाएं। रेनबो हाॅस्पिटल के महाप्रबंधक राकेश आहूजा ने कहा कि शहर की विभिन्न संस्थाओं और ब्लड बैंक द्वारा समय-समय पर इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते हैं ताकि रक्तदान की कमी को पूरा किया जा सके। इसमें अस्पताल के कर्मचारी भी बढ-चढ कर हिस्सा लेते हैं।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि डा. पंकज नगायच और विशिष्ट अतिथि डा. रेनबो आईवीएफ के डॉ केशव मल्होत्रा ने शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष शैलेंद्र मुदगल, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार वरनवाल, अमित जैन, संतोष गोयल, हितेश माथुर, आशा श्रीवास्तव, डीजी पचौरी, एसएस चौधरी, डॉ रविन्द्र सिंह प्रतिहार, स्टार हैल्थ के ब्रांच मैनेजर रवि शंकर भारद्वाज, रेनबो हाॅस्पिटल के महाप्रबन्धक राकेश आहूजा, केशवेंद्र सिसौदिया, नवनीत, जगमोहन गोयल आदि मौजूद थे।
