आगरालीक्स… आगरा में सीबीएसई के 12 वीं के रिजल्ट में 500 में से 499 अंक प्राप्त करने वाली मेघना श्रीवास्तव को सम्मानित किया जाना था लेकिन वह नहीं आ सकीं। ऐसे में सेवा आगरा व महाकाली धर्मार्थ ट्रस्ट ने सोमवार को कमला नगर स्थित टेंपटेशन रेस्टोरेंट में इस वर्ष इंटरमीडिएट में ताजनगरी की टॉपर रही बेटियों को सम्मानित किया गया। समारोह में ऑल इंडिया टॉपर (सीबीएसई) मेघना श्रीवास्तव को भी आना था। किसी कारण से मेघना के ना आ पाने के कारण उसका सम्मान पत्र उसके घर पर नोएडा भेजा जाएगा। सेवा आगरा के संस्थापक-अध्यक्ष व शहर के प्रमुख समाजसेवी मुरारी लाल गोयल पेंट, संस्थापिका श्रीमती सुमन गोयल, महाकाली धर्मार्थ ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी मनमोहन चावला, रविकांत चावला और संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर मोहिनी तिवारी ने तीनों बेटियों को फूल माला पहनाकर व सम्मान पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दी। इनमें सीबीएसई बोर्ड से जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल की मानसी अग्रवाल, आईसीएसई बोर्ड से सेंट एंथनीज की वंशिका जैन और यूपी बोर्ड से क्यू वी गर्ल्स इंटर कॉलेज की दीपिका वर्मा को सम्मानित किया गया। दीपिका के मौजूद ना हो पाने के कारण उसकी छोटी बहन दिशा वर्मा ने सम्मान पत्र ग्रहण किया। मुरारी लाल गोयल पेंट ने इस मौके पर कहा कि ये बेटियां हमारे लिए गंगा जमुना और सरस्वती हैं। उन्होंने आगरा का नाम रोशन किया है। ये अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी। डॉ मोहिनी तिवारी ने कहा कि ‘पहुंची हो जहां आज तुम, मंजिल नहीं है वो। अभी जाना है तुम्हें दूर, बहुत दूर, बहुत दूर। चेतन वर्मा, दिव्यांशु गर्ग और विकास यादव भी मौजूद रहे। कुमार ललित ने मीडिया समन्वयक की भूमिका निभाई।