आगरालीक्स ..रिया को नहीं मिली जमानत, भारत में कोरोना हुआ बेकाबू, आगरा सहित देश दुनिया की 11 सितंबर तक की खबरें
कोरोना की रफ्तार बेकाबू
भारत में कोरोना के आंकड़े रोज नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। बीते 24 घंटों में 96551 नए संक्रमितों का पता चला है। वहीं मरने वालों की संख्या 1209 रही। देश में बारह राज्य ऐसे हैं, जहां एक लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। चार राज्य ऐसे हैं, जहां कोरोना संक्रमित मामले चार लाख से ज्यादा हो चुके हैं। राहत की बात यह है कि इस महामारी को 34 लाख से ज्यादा लोग मात दे चुके हैं।
रिया को नहीं मिली जमानत
सुशांत सिंह मामले में ड्रग्स कनेक्शन के आरोपों को लेकर गिरफ्तार अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती की जमानत याचिका मुंबई की कोर्ट ने रद्द कर दी है। इसिलए रिया को फिलहाल जेल में ही रहना होगा। नारकोटिक्स विभाग ने रिया और उसके भाई को ड्रग्स कनेक्शन के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों की जमानत खारिज कर दी गई है।
कंगना का अब सोनिया पर निशाना
महाराष्ट्र सरकार पर लगातार हमला कर रही अभिनेत्री कंगना रानौत ने अब कांग्रेस को भी लपेटे में लेना शुरू कर दिया है। उन्होंने आज सोनिया गांधी पर हमला करते हुए कहा कि अगर वह इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करती तो इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
भारत-चीन में पांच मुद्दों पर सहमति
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके चीनी समकक्ष वांगसी के बीच मास्को में हुई बातचीत सकारात्मक रही। दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख सीमा पर विवाद खत्म करने के लिए पांच बिंदुओं पर काम करने को लेकर सहमति बन गई है। दोनों विदेश मंत्री मास्को में आयोजित शंखाई सहयोग संगठन की बैठक में भाग लेने आये हुए हैं।
मुंबई और सिक्कम में भूकंप के झटके
भारत के पूर्वी राज्य सिक्कम में आज भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गए। इस भूकंप में किसी जान-माल की अभी कोई खबर नहीं मिली है। इससे पहले आज सुबह मुंबई में भी भूकंप के झटके महसूस किये गए रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.5 नापी गई।
शिक्षा नीति पर मोदी का संबोधन
नई शिक्षा नीति से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शिक्षा नीति में बदलाव समय की मांग है क्योंकि अब दुनिया पूरी तरह से बदल गई है। उन्होंने कहा कि आगे की दुनिया आज से बिल्कुल अलग होगी।