
सिकंदरा आवास विकास कॉलोनी सेक्टर दो में सेंट्रल पार्क के पास पानी की टंकी है, यहां कई सालों से क्लोरीन गैस का सिलेंडर रखा हुआ था। टंकी के पास ही स्कूल भी है। सोमवार सुबह स्कूल में बच्चे पढाई कर रहे थे, इसी बीच क्लोरीन गैस की गंध आने से बच्चों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। टंकी पर कार्यरत कर्मचारियों को भी समस्या हुई तो वे टंकी की तरफ गए, वहां क्लोरीन की गैस से ज्यादा परेशानी होने लगी, वहां रखे सिलेंडर से क्लोरीन की गैस का रिसाव हो रहा था और वॉल्व खुला हुआ था।
स्कूल कराया खाली, शर्ट से ढका मुंह
क्लोरीन गैस के रिसाव की जानकारी होते ही बच्चों से मुंह और नाक ढकने के लिए कह दिया, इस पर बच्चों ने अपनी शर्ट से मुंह ढक लिया, उन्हें स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके साथ ही स्कूल की छुटटी कर दी गई, गैस का रिसाव तेज होने से कोई भी सिलेंडर के पास तक जा सका, जल संस्थान की टीम को भी बुला लिया गया।
घर हो गए खाली
क्लोरीन गैस का रिसाव बढने लोग घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर चले गए, सिलेंडर के वॉल्व को बंद करने में समस्या आने लगी। इसके बाद एंबुलेंस को भी बुला लिया गया, जिससे राहत कार्य में जुटे कर्मचारियों की तबीयत बिगडने पर इलाज दिया जा सके।
पानी में फेंका सिलेंडर, बिगडी तबीयत
जेसीबी को भी बुला लिया गया, करीब पांच घंटे बाद जेसीबी की मदद से सिलेंडर को पानी के टैंक में फेंका गया, इसके बाद धीरे धीरे क्लोरीन गैस का असर कम होने लगा। राहत कार्य के दौरान कर्मचारी बीबी सिंह, राजकुमार सहित अन्य की तबीयत बिगड गई।
Leave a comment