आगरालीक्स …आगरा में सतरंगी रोशनी में चर्च नहाए हुए हैं, रात 12 बजे ‘पालक यीशु जन्मा, चरनी में जन्मा.’, ‘आया जगत का उद्घारकर्ता, स्वागत करो,’ गूंज उठा। बुधवार सुबह चर्चों में नौ बजे से जन्म की पवित्र पूजा प्रार्थना होगी। चर्च में झांकियां, कई जगहों पर मेले का आयोजन किया गया है। गिरजाघर की गायन मंडली गिरजाघर के बाहर गीत गाएगी। देर शाम तक सभी गिरजाघर विश्वासियों के लिए खुले रहेंगे।
रात 12 बजे प्रभु यीशु का हुआ जन्म
चर्च में घंटे की आवाज हुई. इसी के साथ रोशनी से नहा उठी वह ‘चरनी’। जिसमें माता मरियम की गोद में थे ‘प्रभु यीशु.।’ ‘पालक यीशु जन्मा, चरनी में जन्मा.’, ‘आया जगत का उद्घारकर्ता, स्वागत करो,’ गूंज उठे। शहर के सभी चर्च में रात 12 बजे विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। जगत के पालनहार से लोगों ने अपने लिए दुआएं मांगी। मुख्य आयोजन सेंट पीटर्स कथीड्रल चर्च में आयोजित किया गया। बिशप डॉ. आल्बर्ट डिसूजा ने प्रार्थना की। फादर इग्नुसुएशन मिरांडा, फादर संतोष, फादर अरुल, फादर शेबॉस्टियन रहे। वहीं शहर के सभी गिरजाघरों में प्रभु की आराधना की गई, प्रार्थना सभा के लोगों ने एक दूसरे को हैप्पी क्रिसमस की बधाई दी। प्रतापपुरा सेंट मेरी चर्च में फादर स्टीफन के साथ फादर प्रकाश डिसूजा, फादर प्रकाश रोडरिक, फादर विनी वर्सल, फादर जॉन फरेरा, फादर मून लॉजरस ने प्रार्थना कराई। सेंट पैट्रिक चर्च आगरा छावनी में फादर ग्रहगिरी, फादर भास्कर, फादर शाजुन ने प्रार्थना कराई।