आगरालीक्स.. आगरा में मानसून की बारिश से कालोनी तलैया न बनें, मेयर नवीन जैन ने 15 दिन में नाले साफ करने का दावा किया है। आपके क्षेत्र का क्या है हाल।
गुरुवार को महापौर नवीन जैन ने मानसून के अलर्ट और बारिश के मौसम को देखते हुए बैठक की इस बैठक में महापौर नवीन जैन ने बारिश के मौसम में शहर में होने वाले जलभराव को लेकर अपने इरादे साफ जाहिर कर दिए. महापौर नवीन जैन ने सीधे शब्दों में कहा कि ‘नाला सफाई के कार्य से मैं अभी संतुष्ट नहीं हूं. मैं आपको 25 जून तक का समय देता हूं, अगले 15 दिन आपके लिए महत्वपूर्ण हैं. मुझे हर हाल में जलभराव मुक्त आगरा चाहिए. अगर आपने यह काम कर दिखाया तो मैं स्वयं आपका सम्मान करूंगा वरना जिस क्षेत्र में जलभराव होगा उस क्षेत्र के सेनेटरी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई के सभी विकल्प मेरे पास खुले हुए हैं.
सेनेटरी इंस्पेक्टरों को दिए निर्देश
महापौर नवीन जैन ने सभी सेनेटरी इंस्पेक्टरों को निर्देशित किया कि आप की ड्यूटी का समय सुबह 7 बजे शुरू होता है, लेकिन कुछ सेनेटरी इंस्पेक्टर ढिलाई बरतते हैं जिसका फायदा सुपरवाइजर उठाते हैं. आधे से ज्यादा सुपरवाइजर समय पर नहीं आते, आपको कड़ाई करनी पड़ेगी. महापौर ने कहा कि आप अपने ड्यूटी समय के अनुसार क्षेत्र में निकलें. आप आएंगे तो सुपरवाइजर और सफाई कर्मचारी भी समय पर अपने अपने क्षेत्र में पहुंचेंगे. सभी मिलकर सुबह 7 बजे से 2 बजे तक काम करेंगे. यदि आप इस समय का सदुपयोग कर लेंगे तो पूरा शहर चमचमाता हुआ नजर आएगा.