आगरालीक्स… आगरा के लिए दिल्ली हावडा रुट ठप हो गया है, कुली अपनी मांगो को लेकर रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं, हाथरस से लेकर पारो के बीच में कुलियों के रेलवे ट्रैक पर बैठ जाने से दिल्ली हावडा रुट की ट्रेनें जहां की तहां खडी हो गई हैं। रेलवे रुट पर तमाम यात्री ट्रेनों के चलने का इंतजार कर रहे हैं।

शुक्रवार से उत्तर रेलवे कुली यूनियन के बैनर तले इलाहाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों के कुलियों ने रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया है। अपनी मांगों को लेकर बडी संख्या में कुली हाथरस जंक्शन स्टेशन पर एकत्रित हुए। दिल्ली हावडा ट्रैक पर बैठ गए, यहां सैकड़ों की तादाद में कुली हैं। इनके आगे रेलवे व स्थानीय पुलिस असहाय है। जंक्शन स्टेशन के पास धौरपुर फाटक पर ट्रैक बाधित किया गया है।
ये हैं मांग

कुलियों का कहना है कि पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने 2008 में कुलियों को ग्रुप-डी कर्मचारियों का दर्जा दिए जाने एवं 50 साल से अधिक उम्र के कुलियों के बच्चों को नौकरी में लिए जाने के लिए शासनादेश जारी किया था। 10 साल से कुली इस शासनादेश को लागू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक कुलियों को ग्रुप डी में शामिल करने का कोई शासनादेश जारी नहीं किया गया। उनकी मांग है कि 62,907 रिक्त पदों में जितने पद भी चतुर्थ श्रेणी के हैं, उनमें कुलियों का समायोजन किया जाए। शेष पदों पर ही सरकार भर्ती कराए।