आगरालीक्स ….आगरा में ताजमहल घूम कर चले गए कोरोना पॉजिटिव अर्जेंटीना के पर्यटक कहां है इस पर संशय बना हुआ है। दक्षिणी गेट के एक होटल में अपनी पत्नी के साथ रुके अर्जेंटीना के पर्यटक वही हो सकता है जिसकी तलाश है इसकी आशंका है लेकिन पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पर्यटक के बारे में जानकारी जुटा रही है। हालांकि, पर्यटक 28 दिसंबर को आगरा से जा चुका है।

आगरा में 26 दिसंबर को ताजमहल के पश्चिमी गेट पर अर्जेंटीना के पर्यटक के सैंपल लिए गए थे, पर्यटक ने अपनी उम्र 48 वर्ष बताते हुए मोबाइल नंबर भी लिखवाया था। 28 दिसंबर को पर्यटक की कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मोबाइल नंबर पर संपर्क किया लेकिन मोबाइल नंबर गलत निकला। पर्यटक के संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जा सकें इसके लिए पर्यटक ताजमहल घूमने के बाद कहां कहां गया और अब कहां है यह जानना जरूरी था।
ताजमहल के दक्षिणी गेट के एक होटल में ठहरने की आशंका
स्वासथ्य विभाग की टीम को गुरुवार को जानकारी मिली कि अर्जेंटीना का एक पर्यटक अपनी पत्नी के साथ ताजमहल के दक्षिणी गेट स्थित होटल में ठहरा है। सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम होटल में पहुंच गई, होटल में अर्जेंटीना का पर्यटक अपनी पत्नी के साथ ठहरा था और 28 दिसंबर को आगरा से चला गया, वह अर्जेंटीना भी जा चुका है लेकिन यह वही पर्यटक है यह अभी पुष्ट नहीं हुआ है। पर्यटक के बारे में मिली डिटेल में कई भिन्नताएं हैं।
होटलों से लिए जा रहे सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की टीम होटलों में ठहरे अर्जेंटीना सहित अन्य देश के पर्यटकों के सैंपल ले रही है। ताजमहल के दक्षिणी गेट स्थित होटलों में ठहरे विदेशी पर्यटकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।