आगरालीक्स…भारत शान के साथ विश्व कप के सेमीफाइनल में. श्रीलंका को रिकॉर्ड 302 रनों से हराया. लगातार सातवीं जीत की दर्ज….
मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेले गए क्रिकेट विश्व कप 2023 के आज के मैच में भारत ने श्रीलंका को रिकॉर्ड 302 रनों से हराया है. इसके साथ ही क्रिकेट विश्व में लगातार सात मैच जीतकर टीम इंडिया शान के साथ विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गया है. सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम इंडिया बनी है. श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. श्रीलंका का यह फैसला दूसरी गेंद पर भी सही साबित हुआ जब मधुशंका ने अपनी दूसरी ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा को 4 रन पर बोल्ड कर दिया. लेकिन इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया.
दोनों ने 189 रनों की साझेदारी की. दोनों खिलाड़ी अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे कि तभी मधुशंका ने 92 रन पर पहले गिल और फिर बाद में 88 रन पर विराट कोहली को आउट कर करारा झटका दिया. लेकिन श्रेयस अयर ने तेज ताबड़तोड़ पारी खेली और 56 गेंदों पर 6 छक्कों के साथ 82 रन बनाए. भारत ने8 विकेट खोकर 357 रन बनाए.
जवाब में खेलने उतरी श्रीलंका की टीम के लिए भारतीय तेज गेंदबाजी किसी दुस्वप्न से कम साबित नहीं हुई. जसप्रीत बुमराह ने पहली ही गेंद पर निशंका को एलबीडब्ल्यू कर दिया. अगले ओवर में सिराज ने भी पहली गेंद पर करुणारत्ने को और फिर 5वीं गेंद पर सदीरा को पवेलियन भेज दिया. इन दोनों गेंदबाजों से जूझ रही श्रीलंका टीम के सामने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने पहले ओवर में ही दो विकेट ले लिया. श्रीलंका की टीम 55 रन पर आलआउट हो गई. भारत की ओर से शमी ने 5, सिराज ने 3 और बुमराह व जडेजा ने एक—एक विकेट लिया.