आगरालीक्स…(2 February 2022 Agra News) आगरा के दवा बाजार में दिल्ली की टीम का छापा, विटामिन डी की नकली दवा बेची, एक थोक दवा की दुकान सील
आगरा के फुब्बारा स्थित दवा बाजार में दिल्ली की औषधि विभाग की टीम ने छापा मारा है. दिल्ली की टीम ने मंगलवार को छापा मारने पहुंची यहां देर रात तक चली कार्रवाई में टीम ने माधव फार्मा को सील कर दिया. एक दवा का सैंपल भी लिया गया है. इसके अलावा टीम ने चार दवा कारोबारियेां को नोटिस भी दिए हैं. दिल्ली की फर्म को विटामिन डी की नकली दवा की बिक्री करने पर औषधि विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है.

दिल्ली में औषधि विभाग की टीम ने एक कंपनी पर छापा मार कर विटामिन डी की दवाओं के सैंपल लिए थे. जांच में दो दवाओं में से एक नकली तो दूसरी सब स्टेंडर्ड मिली. जांच में ये सामने आया कि ये दोनों दवाएं आगरा के फुब्बारा बाजार से खरीदी गई हैं. इस पर औषधि विभाग की टीम ने आगरा में दवा बाजार में छापा मारा. टीम ने यहां हे मां मेडिकल स्टोर बसंल ड्रग हाउस, माधव ड्रग हाउस और महावरी ड्रग हाउस पर छापा मारा.
टीम के छापा मारने पर बाजार में हड़कंप मच गया. कई दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए. टीम ने चारों दुकानों से दवाओं के सैंपल लिए. यहां से पता चला कि चारों फर्म ने ये दवाएं कंचन मार्केट स्थित माधव फार्मा से खरीदी थी. टीम जब यहां पहुंची तो ताला लगा हुआ था. फोन करने पर संचालक मोहित नहीं आए. टीम ने माधव फार्मा को सील कर दिया है. इसके अलावा चारों फर्म के संचालकों को दिन में दोनों दवाओं की खरीद बिक्री का पूरा ब्योरा देने का नोटिस जारी किया है.