आगरालीक्स…(2 February 2022 Agra News) मथुरा में सीएम योगी ने कहा— वो सैफई महोत्सव करते हैं तो हम अयोध्या में दीपोत्सव और बरसाना में रंगोत्सव…
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की तीन सीटों के लिए मतदाता संवाद के तहत जनसभाओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने गोवर्धन में दानघाटी पर गिरिराज जी महाराज के दर्शन किए और पूजा अर्चना की. उन्होंने गिरिराज जी के दर्शनों को अपना सौभाग्य बताया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने एक बार फिर सपा और रालोद गठबंधन पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने कहा कि सपा सरकार में सैफई महोत्सव होता था लेकिन अब अयोध्या में दीपोत्सव होता है तो वहीं बरसाना में भव्य रंगोत्सव रंगी होली का आयोजन किया जाता है. हमने ब्रज को संवारने का काम किया है.
कोरोना काल में सरकार ने सभी के लिए किया काम
गोवर्धन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना से दुनिया परेशान थी, तब पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों के लिए कार्य किया, जिसकी दुनिया ने सराहना की. फ्री वैक्सीन से लेकर फ्री उपचार दिया. उन्होंने कहा कि कोरोना काल में रोजगार और व्यापार प्रभावित हुआ लेकिन सरकार ने सभी के लिए काम किया और मुफ्त राशन दिया. राधा रानी और गिरिराज की कृपा से कोरोना समाप्ति की ओर है. यह सब उन्हीं की कृपा है.
गठबंधन पर कसा तंज
सीएम योगी ने एक बार फिर सपा रालोद गठबंधन कर तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा कि गठबंधन में जो दो लड़कों की जोड़ी है न, वह बहुत खराब जोड़ी है. उन्होंने कहा कि नाम समाजवादी है लेकिन काम दंगावादी और परिवारवादी है.