आगरालीक्स...देवोत्थान एकादशी 20 नवंबर को. चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, इसी दिन से शुरू होंगे विवाह व मांगलिक कार्य. ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा से जानिए पूजा व तुलसी—शालिग्राम विवाह के शुभ मुहूर्त
हिंदू धर्म की सबसे महत्वपूर्ण एकादशियों में से एक देव प्रबोधनी एकादशी, जिसे देवउठनी एकादशी, देवुत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है, ज्योतिषाचार्य पं. हृदय रंजन शर्मा जी ने बताया की इस वर्ष शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। इसी दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह के चातुर्मास के बाद अपनी योगनिद्रा से जागेंगे और इसके साथ ही रुके हुए विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश, नामकरण सहित सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में शयन के लिए चले जाते हैं। कार्तिक शुक्ल एकादशी को वे जागते हैं, इसलिए इस तिथि को देव प्रबोधनी कहा जाता है। शास्त्रों में कहा गया है कि जिस घर में इस दिन विधि-विधान से भगवान विष्णु को जगाया जाता है, वहां सुख-समृद्धि, संतान सुख और अखंड सौभाग्य का वास होता है।
कब है एकादशी, कब होगा पारण
पंचांग के अनुसार इस बार एकादशी तिथि को लेकर स्मार्त और वैष्णव परंपरा में एक दिन का अंतर है। गृहस्थ / स्मार्त परंपरा के अनुसार व्रत 20 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा, जबकि वैष्णव / गौण परंपरा के अनुसार व्रत 21 नवंबर, शनिवार को रखा जाएगा।
एकादशी तिथि प्रारंभ – 20 नवंबर, सुबह 7:15 बजे
एकादशी तिथि समाप्त – 21 नवंबर, सुबह 6:31 बजे
स्मार्त व्रत का पारण – 21 नवंबर, दोपहर 1:11 बजे से 3:18 बजे तक
वैष्णव / गौण व्रत का पारण – 22 नवंबर, सुबह 6:49 बजे से 8:56 बजे तक
इस दिन बनने वाले शुभ योग और तुलसी विवाह –
देव प्रबोधनी एकादशी के अगले दिन शनिवार, 21 नवंबर को तुलसी विवाह मनाया जाएगा। कई परिवारों में तुलसी विवाह एकादशी की संध्या को ही संपन्न हो जाता है, लेकिन मुख्य तिथि द्वादशी मानी गई है। 21 नवंबर को तुलसी विवाह का मुहूर्त शाम करीब 5:25 बजे से 7:49 बजे तक बताया जा रहा है। इस दिन तुलसी जी का विवाह शालिग्राम स्वरूप भगवान विष्णु से कराया जाता है। तुलसी के पौधे को लाल चुनरी ओढ़ाकर, श्रृंगार कर मंडप में स्थापित किया जाता है। कन्यादान की भांति तुलसी का दान किया जाता है। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है और घर में कभी वैधव्य, दरिद्रता और कलह नहीं आती।