आगरालीक्स…(16 January 2022 Agra News) आगरा में डॉक्टरों ने जब बुजुर्ग विधवाओं का हेल्थ चेकअप किया भावुक हो गईं सभी. सर्दी से कंपकंपाती महिलाओं को डॉक्टरों ने दिया ये सब…
एसोसिएशन्स आफ सर्जन्स आफ आगरा ने किया परीक्षण
सर्दी में कंपकंपाती बुजुर्ग विधवाएं भावुक हो गईं। एसोसिएशन्स आफ सर्जन्स आफ आगरा के सदस्य चिकित्सकों ने उनकी नब्ज टटोली, दवाएं दी। सर्दी न लगे, इसके लिए कंबल , स्वेटर दवाइयाँ व मिष्ठान दिए। रविवार को विधवा आश्रम, घटिया आजम खां पर एसोसिएशन्स आफ सर्जन्स आफ आगरा द्वारा एसोसिएशन आफ सर्जन आफ इंडिया, यूपी के तत्वाधान में विधवाओं की सेवा के लिए शिविर लगाया गया। एसोसिएशन ने विधवा आश्रम को एक साल के लिए गोद लिया है। वे यहां चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराएंगे, साथ ही मदद करेंगे।
सर्दी से बचने के लिए कंबल ,स्वेटर दवाइयाँ व मिष्ठान वितरित किए
विधवा आश्रम में 12 विधवा रह रही हैं और पांच कर्मचारी हैं। एसोसिएशन्स आफ सर्जन्स आफ आगरा की टीम विधवा आश्रम पहुंची। यहां विधवाओं की कोरोना की आरटीपीसीआर की जांच कराई गई। इसके साथ ही उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। दर्द सहित अन्य समस्याओं से परेशान विधवाओं को दवाएं दी गईं। एसोसिएशन्स आफ सर्जन्स आफ आगरा के अध्यक्ष डा. सुनील शर्मा ने कहा कि संस्था समाज के हर तबके तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना चाहती है और असहायों की हर संभव मदद के लिए तैयार है। सचिव डा. समीर कुमार ने ने कहा कि विधवा आश्रम में नियमित शिविर लगाया जाएगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डा. अमित श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था ने विधवा आश्रम को एक साल के लिए गोद लिया है। एसएन के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता, माइक्रोबायोलाजी विभाग के अध्यक्ष डा. अंकुर गोयल, डा. अंशुल पारीक का विशेष सहयोग रहा। डा. अनंग उपाध्याय ,डा. हिमांशु यादव , डा. अंकुर बंसल ,डा. अनुभव गोयल , डा. प्रशांत पारीक आदि मौजूद रहे।
