आगरालीक्स… आगरा के डॉ टंडन फैमिली विवाद में डॉ वैशाली टंडन ने डॉ अनुराग टंडन पर लगाए आरोप, मुकदमा दर्ज करने के लिए कोर्ट ने आदेश दिए हैं। डॉ. अमित टंडन ने अपने छोटे भाई अनुराग टंडन, उनकी पत्नी समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में अदालत में परिवाद प्रस्तुत किया है। अदालत ने प्रार्थी के बयान के लिए 22 जनवरी नियत की है।
आगरा में छह सितंबर 2019 को डॉ कमलेशन टंडन हॉस्पिटल, बाग फरजाना में दोनों डॉक्टर भाईयों के बीच चल रहे विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। डॉ अनुराग टंडन पर जानलेवा हमले के आरोप में उनकी पत्नी डॉ पारुल टंडन की तहरीर पर डॉ. अमित टंडन, उनकी पत्नी डॉ वैशाली टंडन सहित अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया था। कर्मचारी राहुल को पुलिस जेल भेज चुकी है, डॉ अमित टंडन पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने के दिए आदेश
लाजपत कुंज बाग फरजाना निवासी डॉ. वैशाली टंडन ने वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्णकांत शर्मा के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। कहा कि सुरक्षा के लिए पुराने घर में सीसीटीवी कैमरे लगाने को छह सितंबर 2019 को टेक्नीशियन को बुलाया था। आरोप है कि जैसे ही टेक्नीशियन कैमरे लगाने लगा, तभी विपक्षी डॉ. अनुराग टंडन कुछ कर्मचारियों के साथ वहां आए और गाली गलौज की। उनके स्टाफ के लोगों के साथ मारपीट करने लगे व कैमरे कब्जे में ले लिए। हंगामा बढ़ते देख पति डॉ. अमित टंडन मौके पर आए तो उन्हें भी पीटा। सूचना मिलने पर वह अपना कार्य छोड़कर वहां पहुंची तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि वह गर्भवती थीं और मारपीट में आई चोटों के कारण गर्भपात हो गया। उनको सीधे कान से ठीक से सुनाई नहीं दे रहा है। थाना पुलिस के कार्रवाई न करने पर न्याय के लिए कोर्ट की शरण ली है। अदालत ने घर में घुसकर मारपीट, अंगभंग समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश थाना पुलिस को दिए। यह भी आरोप है कि पुलिस द्वारा प्रार्थिया व उसके पति व अन्य लोगों के विरुद्ध बिना मेडिकल के हत्या के प्रयास का मुकदमा थाना हरीपर्वत में दर्ज कराया था। वहीं डॉ. अमित टंडन ने डॉ. अनुराग टंडन समेत अन्य के विरुद्ध परिवाद प्रस्तुत किया है। फर्जी वसीयत तैयार कर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।