आगरालीक्स… आगरा के अंबेडकर विवि की एलएलबी की परीक्षा में नकल से रोकने पर आरबीएस कॉलेज के प्रोफेसर पर हमला, साथी शिक्षक पर हमला कराने के लगाए आरोप। घायल प्रोफेसर निजी अस्पताल में भर्ती है।
डॉ भीमराव अंबेडकर विवि की एलएलबी और बीए एलएलबी की परीक्षा चल रही हैं, इसके लिए आरबीएस कॉलेज नोडल सेंटर है। सोमवार को परीक्षा में छात्रों को नकल करने पर भूगोल विभाग के डॉ प्रेम शंकर तिवारी ने रोक दिया, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा। इसे लेकर उनका कॉलेज के साथी शिक्षक डॉ पुष्पेंद्र सिंह से विवाद हो गया। मंगलवार को एलएलबी की सुबह आठ बजे से परीक्षा थी, प्रोफेसर प्रेम शंकर तिवारी (42) अंसल कोर्टयार्ड स्थित आवास से कॉलेज के लिए कार से जा रहे थे। दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उन पर सरियों और डंडों से वार किया। उन्होंने जैसे ही कार रोकी, वैसे ही उन्हें कार से बाहर खींच लिया और सरिया तथा डंडों से बेरहमी से प्रहार किए। प्रेम के मरणासन्न हालत में पहुंचने पर हमलावर भाग गए। डॉ प्रेम शंकर तिवारी को जीवन ज्योति हॉस्पिटल, सिकंदरा में भर्ती किया गया है। उनका आरोप है कि एलएलबी में नकल से छात्रों को रोकने पर साथी शिक्षक डॉ पुष्पेंद्र सिंह द्वारा हमला कराया गया है, इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।
हॉस्पिटल पहुंचे शिक्षक
साथी शिक्षक पर हमला की जानकारी होते ही आरबीएस सहित अन्य कॉलेजों के शिक्षक हॉस्पिटल पहुंच गए। हमले को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जिस शिक्षक पर आरोप लगाया गया है वह शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष हैं, इसके बाद से शिक्षको में गुटबाजी भी शुरू हो गई है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।
फाइल फोटो