आगरालीक्स…भाजपा को उत्तर प्रदेश ही नहीं, इन राज्यों ने भी दिए है तगड़े झटके. जहां किया था क्लीन स्वीप, वहां भी हालत खराब…
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर मतगणना जारी है. देश की 543 सीटों पर फिलहाल भाजपा गठबंधन 298 सीटों पर आगे है तो वहीं इंडी गठबंधन 226 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. अन्य दलों के प्रत्याशी 18 सीटों पर आगे है. एनडीए ने भले ही बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया हो लेकिन अकेली भाजपा बहुमत से करीब 30 सीटें पीछे है. भाजपा गठबंधन को 2019 के चुनाव में 353 सीटें मिली थीं. इनमें अकेले भाजपा को 303 सीटें मिली थीं. लेकिन इस बार भाजपा को करारा झटका मिला है. यह झटका यूपी सहित 4 अन्य राज्यों से भी मिला है.
यूपी
2019 के चुनाव में भाजपा को यूपी में 62 सीटें मिली थी लेकिन इस बार भाजपा को यूपी से तगड़ा झटका मिला है. हाल ये है कि नये अपडेट में भाजपा 35 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सपा और कांग्रेस गठबंधन के 41 प्रत्याशी आगे हैं. अगर देखा जाए तो भाजपा को यहां से करीब 30 सीटों का नुकसान हुआ है.
राजस्थान
2019 के चुनाव में भाजपा ने राजस्थान में सभी 25 सीटें मिली थीं लेकिन इस बार भाजपा को यहां से 11 सीटों का नुकसान होते हुए दिखाई दे रहा है. राजस्थान में भाजपा फिलहाल 14 सीटों पर आगे चल रही है तो वहीं कांग्रेस 11 सीटों पर आगे है.
महाराष्ट्र
2019 के चुनाव में भाजपा गठबंधन ने यहां से 41 सीटें जीती थीं लेकिन इस बार एनडीए गठब्ंधन यहां से सिर्फ 18 सीटों पर ही आगे है. वहीं इंडिया गठबंधन यहां से 29 सीटों पर आगे चल रहा है.
कर्नाटक
कनार्टक की 28 सीटों पर भाजपा ने 2019 में 26 सीटें जीती थीं. वहीं इस बार भाजपा यहां से 16 सीटों पर ही आगे हैं और 10 सीटों का नुकसान उसे झेलना पड़ रहा है. कांग्रेस यहां 10 सीटों पर फिलहाल आगे है.
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल की 42 सीटों पर 2019 के चुनाव में भाजपा ने 17 सीटें जीती थीं लेकिन इस बार भाजपा को यहां से पांच सीटों का नुकसान झेलना पड़ रहा है.