आगरालीक्स… आगरा में पर्यावरण दिवस पर एसएसपी अमित पाठक ने साइकिल चलाई तो शहरवासियों ने पौधारोपण किया, आगरा में रिकॉर्ड पौधे लगाए गए। पौधे लगाने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने फोटो भी अपलोड किए।
मंगलवार सुबह सदर बाजार से गो ग्रीन साइक्लाथोन का शुभारंभ एसएसपी अमित पाठक ने किया, उंन्होंने खुद भी साइकिल चलाई। शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण, पॉलिथीन का यूज ना करने के लिए प्रेरित किया, साइक्लाथोन का फतेहाबाद रोड, गोल्फ कोर्ट सरदार वल्लभ पटेल पार्क पर समापन हुआ। साइक्लोथन के दौरान फास्ट राइडिंग ,बैलेंस राइडिंग के सरप्राइज गिफ्ट भी दिए गए। साइक्लोथन समाप्त होने पर पार्क में एसएसपी के साथ सभी राइडर्स को पौधे भेंट किये गए और सभी ने पार्क में पौधा रोपण किया। एसएसपी ने कहा कि साइकिलिंग खुद को फिट रखने के लिए एक अच्छा व्यायाम है।
गुड मॉर्निंग आगरा ने लगाए पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ब्रज के पौधे ‘तमाल’ एवं ‘कदम्ब’ को आज गुड माॅर्निंग आगरा के सदस्यों एवं नुक्कड़ नाटककर्मी व रंगकर्मी अनिल जैन की टीम ने पालीवाल पार्क में लगाया। इस अवसर पर गुड माॅर्निंग आगरा संस्था के संरक्षक के0सी0 जैन द्वारा स्थानीय वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्थानीय पौधे यहाँ के वातावरण, गर्मी, सर्दी में आसानी से जीवित रह जाते हैं और उन्हें पानी की आवश्यकता भी कम होती है। हम लोग ऐसे पौधे लगाते हैं जो बाहर के पौधे होते हैं और यहाँ का वातावरण उनके लिए उपयुक्त नहीं होता है।
गुड माॅर्निंग आगरा के अध्यक्ष रविशंकर अग्रवाल एवं सचिव किशोर जैन द्वारा आगामी वर्षा ऋतु में बड़ी संख्या में पौधों को लगाये जाने की बात कही। इस अवसर पर अनिल जैन की टीम के सदस्यों ने अपने अनुभवों को भी साझा किया। पौधारोपण के समय अजय बंसल, विजय सेठिया, सुरेश गोस्वामी, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।