आगरालीक्स…. आगरा रीजन में प्रेमी युगल को आपत्तिजनक स्थिति में देख पिता ने पेड से बांधकर गोली से उडा दिया। प्रेमी युगल के शव कुएं में फेंक दिए।
प्रेमी युगल चचेरे भाई-बहन थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने दोनों के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी हिमांशु कुमार का कहना है कि दोनों ने हत्याकांड कबूल लिया है।
फीरोजाबाद के सिरसागंज के पोरा निवासी रवि उर्फ किशन गोपाल (22) के चचेरी बहन प्रवेश (16) के साथ प्रेम संबंध हो गए। घरवालों को इसकी भनक लग गई थी। इसके बाद भी प्रेमी युगल नहीं माने। लड़की के पिता गौरी शंकर ने 23 दिसंबर को दोनों को छत पर आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इससे उसका खून खौल गया। उसने नीचे ले जाकर दोनों की जमकर पिटाई की। बाद में रवि के पिता को बुलाकर दोनों के बारे में बताया।भाई की बात सुन उसका भी खून उबाल खाने लगा। दोनों के पिता प्रेमी युगल को यह कहकर घर के बाहर ले गए कि तुम्हें घर में नहीं रखेंगे। जहां जाना चाहो चले जाओ।
एक ही गोली में दोनों की मौत
दोनों के पिता ने गांव के बाहर स्थित नलकूप के कुएं पर ले जाकर रवि और प्रवेश को एक पेड़ से एक साथ बांध दिया। इसके बाद गौरी शंकर ने तमंचे से दोनों को गोली मार दी। एक ही गोली में दोनों की मौत हो गई। हत्या करने के बाद दोनों के पिताओं ने शवों को कुएं में फेंक दिया। बाद में पुवार डालकर शवों को ढंक दिया।दूसरे दिन 24 दिसम्बर को गौरी शंकर व शिवनाथ ने थाने पहुंच कर रवि और प्रवेश की गुमशुदगी दर्ज कराई।
कुएं में मिले शव
पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने उनके शवों का पता लगा लिया। शव निकलवाने के बाद पुलिस का शक दोनों के घरवालों पर गया। पुलिस ने शिवनाथ व गौरी शंकर को दबोच लिया। सिरसागंज थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह के अनुसार दोनों से थाने में पूछताछ की तो गई उन्होंने सारा सच पुलिस के सामने उगल दिया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिए।
Leave a comment