आगरालीक्स.. आगरा के डॉ भीमराव आंबेडकर विवि के छह छात्र नेताओं पर बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस छात्र नेताओं की धरपकड में जुटी है।
आगरा के डॉ भीमराव आंबेडकर विवि के पालीवाल परिसर में पास से एंट्री दी जा रही है, इसके विरोध में 11 अप्रैल को छात्र नेताओं ने विवि के गेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने चीफ प्रॉक्टर डॉ मनोज श्रीवास्तव और सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्कामुक्की के बाद मारपीट कर दी। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ, पुलिस ने छात्र नेताओं को विवि के गेट से खदेडा।
छह छात्र नेताओं सहित अज्ञात पर मुकदमा
इस मामले में चीफ प्रॉक्टर डॉ मनोज श्रीवास्तव ने छात्र नेता आलोक यादव, निर्वेश शर्मा, गौरव, मानवेंद्र, दीपक, राजन सहित अज्ञात छात्र नेताओं के खिलाफ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर थाना हरीपर्वत में दी थी। थाना प्रभारी हरीपर्वत महेश गौतम के अनुसार आरोपी छह छात्र नेताओं सहित अज्ञात पर बलवा, मारपीट, गाली गलौज और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इन्हें अरेस्ट करने के लिए पुलिस जुटी हुई है।
विवि द्वारा जांच के लिए गठित की कमेटी
इस मामले में विवि द्वारा अपने स्तर से जांच की जा रही है, इसके लिए प्रो सुगम आनंद के नेत्रत्व में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है, कमेटी को 19 अप्रैल तक अपनी रिपोर्ट देनी है, इसमें विवि में मारपीट और हंगामा करने वाले छात्रों के बारे में जानकारी मांगी गई है।
विवि में आए दिन बवाल
विवि में पढाई की जगह आए दिन बवाल और मारपीट हो रही है, विवि की अव्यवस्थाओं के विरोध में छात्र नेता प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, विवि में भी कुलपति और कुलसचिव के बीच में विवाद चल रहा है, इससे सबसे ज्यादा छात्र परेशान हो रहे हैं।
फाइल फोटो