आगरालीक्स.. आगरा में कारोबारी के एकाउंट से 7.29 लाख रुपये की हेराफेरी में पीएनबी बैंक के मैनेजर, क्लर्क सहित तीन कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
आगरा की सीताराम कॉलोनी बल्केश्वर निवासी मुकेश फतेहपुरिया की शिवाजी मार्केट में मुकेश की अग्रवाल बूट हाउस के नाम से फर्म है। मुकेश का आरोप है कि 21 मई को वह कमला नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक गए। वहां चालू खाते का एक चेक काउंटर पर जमा किया। बहादुरगढ़, हरियाणा के डायमंड फुटवियर के खाते में पैसा ट्रांसफर होना था। दोपहर को उनके पास मैसेज आया कि खाते से 7.29 लाख रुपये कट गए हैं। उन्हें लगा कि आरटीजीएस हो गया होगा। शाम को हरियाणा के व्यापारी का फोन आया। व्यापारी ने पैसा नहीं आने की शिकायत की। वह हैरान रह गए। जानकारी करने बैंक पहुंचे। बैंक वालों ने छानबीन करके बताया कि चेक तो सेल्फ में कैश हो गया है। यह सुनकर उनके होश उड़ गए। चालू खाते का चेक सेल्फ में कैश कैसे हो गया। चेक के पीछे उनका नंबर तक लिखा था। कैश करने से पहले बैंक से उनके पास फोन क्यों नहीं पहुंचा। जबकि चेक तो उन्होंने आरटीजीएस के लिए जमा कराया था।
एसएसपी के आदेश पर मुकदमा
पीड़ित ने इस संबंध में थाना न्यू आगरा में शिकायत की थी। प्रारंभिक जांच के बाद रिपोर्ट एसएसपी के समक्ष पेश की गई। उनके आदेश पर धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। मुकदमे में बैंक मैनेजर दीपमाला, राजकुमार गुप्ता, अनिल बंसल, संजीव अग्रवाल को नामजद किया है।
