आगरालीक्स… आगरा में कोहरा और शीत लहर जारी है, स्कूलों की छुटटी होने से लोग घरों में कैद हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिन भी घना कोहरा पड़ने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में कोहरा ज्यादा गहरा होगा। दिन और रात में दोनों ही का तापमान और गिरने के आसार हैं। शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट संभव है। वहीं, मंगलवार सुबह बारिश हुई तो दोपहर में धूप खिली। दोपहर बाद फिर बादल छाए और तेज हवाएं चलीं। बारिश के कारण गलन भरी ठंड सताने लगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। यह जरूर है कि कक्षा 8 तक की छुट्टी हो जाने से छात्र-छात्राओं को राहत रहेगी।
सोमवार शाम बूंदाबांदी के बाद मंगलवार की सुबह फिर बारिश हुई। मंगलवार सुबह तक करीब 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तेज हवाएं चलीं। इससे गलन बढ़ गई और लोग ठिठुरते रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप खिली, लेकिन सर्द हवाओं के आगे बेअसर रही। दोपहर बाद फिर बादल आए और धुंध छाने लगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह दिन में सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है तो वहीं रात में सामान्य से चार डिग्री ऊपर पहुंच गया।
Leave a comment