आगरालीक्स… आगरा में आपके पित्त की थैली में पथरी है या अपेंडिक्स के दर्द से परेशान हैं तो फ्री में आपरेशन करा सकते हैं, एक रुपया भी नहीं लिया जाएगा। इसके लिए लॉयन्स विशाल चैरिटेबिल ट्रस्ट द्वारा 24, 25, 26 जनवरी को लगभग 60-70 जरूरतमंद मरीजों के अपेन्डिक्स व पित्ताशय की पथरी के निशुल्क ऑपरेशन शहर के वरिष्ठ सर्जन्स द्वारा कराए जाएंगे। मरीजों को अपने ऊपर एहसान का एहसास न हो इसके लिए अन्य मरीजों को जिन्दगी बचाने के लिए उनसे रक्तादन में लिया जाएगा। निशुल्क शिविर का लाभ उठाने के लिए मरीज अपने सभी आवश्यक पर्चे, पैथोलॉजी रिपोर्ट व आधार कार्ड या वोटर कार्ड के साथ तोता का ताल स्थित आईएमए भवन व सुल्तानगंज क्रासिंग स्थित माता अतर कौर ट्रस्ट हॉस्पीटल पर पंजीकरण के लिए सम्पर्क कर सकते हैं।
लॉयन्स क्लब विशाल के अध्यक्ष संजय गोयल ने प्रेम फोर्ड शोरूम पर आयोजित शिविर के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि रजिस्ट्रेशन से लेकर ऑपरेशन तक हर चीज निशुल्क होगी। डॉ. अजय प्रकाश ने बताया कि ऑपरेशन 60 वर्ष तक की आयु के उन्हीं मरीजों के लिए जाएंगे जिनकी शुगर व ब्लड प्रेशल कंट्रोल में है। इसके बदले मरीजों से रक्तदान लिया जाएगा, जिससे दूसरों की जिन्दगी बचाई जा सके। एक मरीज के ऑपरेशन पर लगभग 25 हजार रुपए का खर्चा आता है, जो बिल्कुल निशुल्क किए जाएंगे। सुशील गुप्ला व अजय बंसल ने बताया कि ऑपरेशन विजय नगर कॉलोनी स्थित शांति वेद हॉस्पीटल में डॉ. अजय प्रकाश, डॉ. राहुल पोद्दार व डॉ. श्वेतांक प्रकाश द्वारा किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से चैयरमैन रवि जैन, अध्यक्ष संजय बंसल, सचिव हरीश वरनवाल, कोषाध्यक्ष रोहुल गोयल, डॉ. अजय प्रकाश, सुशील गुप्ता आदि मौजूद थे।