आगरालीक्स...दिवाली और सहालग से पहले मिलेगा तगड़ा झटका. 1 अक्टूबर से एसी, एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रिज जैसे प्रोडक्ट्स होंगे 8 प्रतिशत तक महंगे.
अगले महीने से त्योहारी सीजन शुरू होने जा रहा है. नवंबर में धनतेरस और दिवाली जैसे त्योहार हैं और इसके कुछ दिन बाद ही शादियों का सीजन भी शुरू हो जाएगा लेकिन इससे पहले ही लोगों को महंगाई का तगड़ा झटका मिलने जा रहा है. एक अक्टूबर से एसी, टीवी, फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स और कंज्यूमर अप्लायंसेस महंगे होने जा रहे हैं. कंपनियां इन प्रोडक्ट्स की कीमत में 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करेंगी.
क्रूड आयल महंगा होने का असर
इंटरनेशनल मार्केट में कॉपर, स्टील, एल्युमीनियम और क्रूड आयल से जुड़े कच्चे माल की कीमतों में तेजी आने और करेंसी में लगातार उतार चढ़ाव के कारण कंपनियों ने यह फैसला किया है. साल 2026 में कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री की तरफ से कीमतों में यह तीसरी बार बढ़ोतरी होगी.
जानिए किस पर कितनी होगी बढ़ोतरी
मीडिया रिपोटर्स के अनुसार एयर कंडीशनर की कीमतों में सबसे ज्यादा 5 से 8 प्रतिशत तक का उछाल आएगा.
वाशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और एलईडी टीवी के दामों में भी 3 से 4 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है.
ब्लू स्टार, गोदरेज एप्लायंसेस, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स जैसी दिग्गज कंपनियों ने 4 से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कंफर्म की है. वहीं एलजी और बॉश होम कम्फर्ट (हिताची) ने एसी के दाम करीब 5 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं जबकि पैनासोनिक दाम बढ़ने से पहले रिव्यू कर रही है, इसके बाद प्राइस हाइक पर फैसला लिया जाएगा.