आगरालीक्स.. आगरा में फेसबुक यूजर्स भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के साथ अपने फोटो पोस्ट कर रहे हैं। एक पत्रकार, चुनाव में जमानत जब्त से लेकर राजनीति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का सफर।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्वतंत्र देव सिंह मिर्जापुर के सीखड़ ब्लॉक के जमालपुर गांव के निवासी हैं, उनकी शादी झांसी जनपद के सिगार गांव में हुई थी। छात्र राजनीति के बीच वह 1989-90 में स्वतंत्र भारत अखबार से जुड़े थे। बुंदेलखंड के उरई जिले में वह इस अखबार के संवाददाता के तौर पर काम करते थे। स्वतंत्र देव सिंह ने बुंदेलखंड के जालौन को कर्मभूमि बनाया। 1996 में स्वतंत्र देव सिंह युवा मोर्चा के महामंत्री नियुक्त हुए। 1998 में दोबारा भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा के महामंत्री बनाए गए। 2001 में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने। 2004 में स्वतंत्र देव सिंह बुंदेलखंड से झांसी-जालौन-ललितपुर विधान परिषद के सदस्य चुने गए और प्रदेश महामंत्री भी बनाए गए। स्वतंत्र देव सिंह 2004 से 2014 तक दो बार प्रदेश महामंत्री रहे। इससे पहले 2010 में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए और 2012 में फिर महामंत्री बने। 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा से स्वतंत्र देव सिंह ने उरई की कालपी सीट से चुनाव लड़ा था। यहां कांग्रेस की प्रत्याशी उमा कांति के सामने स्वतंत्र देव सिंह की जमानत जब्त हो गई थी। इसके बाद भी उन्हें भाजपा ने एमएलसी बनाया।