आगरालीक्स…अच्छी खबर, आगरा में इंटरनेशनल आलू केंद्र की स्थापना को मिली मंजूरी. सींगना में बनेगा सबसे बड़ा पोटेटो सेंटर. आलू और शकरकंद की उन्नत किस्मों का होगा उत्पादन..जानिए क्या होगा खास
आगरा के सींगना में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की स्थापना को केंद्र की स्वीकृति मिल गई है. यह आगरा के लिए अच्छी खबर है. इंटरनेशनल आलू केंद्र बन जाने से यहां आलू और शकरकंद की उन्नत किस्मों, उत्पादन तकनीक, कटाई के बाद प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, विपणन एवं निर्यात के क्षेत्र में वैश्विक पहचान मिलेगी. यह केंद्र न केवल आगरा को कृषि अनुसंधान और नवाचार का केंद्र बनाएगा, बल्कि दक्षिण एशिया में भारत की नेतृत्व क्षमता को भी दर्शाएगा। यहां से विकसित की गई जलवायु अनुकूल, पोषक तत्वों से भरपूर व उच्च उपज वाली किस्में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा को सशक्त करेंगी. सीआईपी और सीएसआरसी की स्थापना प्रदेश के लिए सिद्ध होगा परिवर्तनकारीइस संबंध में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह निर्णय आगरा के लिए गौरवपूर्ण, किसानों के लिए लाभकारी और प्रदेश के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध होगा. मंत्री ने कहा कि इससे कृषि क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे, रोजगार बढ़ेगा और किसानों की आय में अभूतपूर्व वृद्धि होगी. उन्होंने कह कि यह परियोजना एक ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने परियोजना को मंजूरी देने के लिए केंद्र सरकार, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का भी विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया.