आगरालीक्स…अच्छी खबर, तय समय से 8 दिन पहले केरल पहुंचा मानसून. इस बार सामान्य से ज्यादा होगी बारिश. जानें यूपी में कब पहुंचेगा मानसून और कब होगी पहली मानसूनी बारिश
देश के किसानों के लिए अच्छी खबर ये है कि इस बार मानसून तय समय से 8 दिन पहले ही केरल पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार 16 साल में ऐसा पहली बार हुआ जब मानसून इतनी जल्दी आया है. 2009 में मानसून 9 दिन पहले पहुंचा था वहीं पिछले साल 30 मई को दस्तक दी थी. मानसून चार दिन से देश से करीब 40—50 किलोमीटर दूर अटका था और शुक्रवार शाम आगे बढ़ा. इसके आज ही तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में पहुंचने की संभावना है. एक सप्ताह में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों जबकि 4 जून तक मध्य और पूर्वी भारत को कवर कर सकता है.मौसम विभाग के अनुसार मानूसन सामान्य तौर पर 1 जून को केरल पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है. 17 सितंबर के आसपास वापस लौटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है. मौसम विभाग के अनुसार इस बार अल नीनो का प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा जिसके कारण इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने की पूरी संभावना है.
10—15 जून तक पहुंच सकता है यूपी मेंमानसून के समय से 8 दिन पहले पहुंचने के कारण इस बार यूपी में मानसून 10—15 जून तक दस्तक दे सकता है. यूपी में मानसून गोरखपुर होते हुए यूपी में दस्तक देता है. इसके बाद बलिया और बनारस जैसे इलाकों में प्रवेश करता है और 4—5 दिन के अंदर पूरे राज्य में फैल जाता है. पिछले साल 22 जून तक पहुंचा था.