आगरालीक्स…ऐसा कौन करता है भाई. शादी में ही दूल्हे ने मार दिया दुल्हन को थप्पड़. थप्पड़ मारने से पहले दूल्हे ने की तीन ऐसी हरकतें कि आप भी कहोगे—ऐसा कौन करता है भाई.
दूल्हा दवा कंपनी में एमआर
ऐसा कौन करता है भाई…ये लाइन एक दूल्हा बने युवक पर बिल्कुल फिट बैठती है, जिसकी हरकतों के कारण उसकी बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट आई. घंटों पंचायत चली, पुलिस भी पहुंची लेकिन कोई हल नहीं निकला. दरअसल मामला अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र का है. सुरेंद्र नगर स्थित एक मैरिज होम में गुरुवार को शादी समारोह था. यहां मुरादाबाद के मिल्क इलाके से एक बारात आई थी. दूल्हा दवा कंपनी में एमआर है. बारात आने पर उसका स्वागत धूमधाम के साथ किया गया. लेकिन घोड़ी पर चढ़ते ही ये नशे में दिखाई दिया. यहां पर किसी तरह मामला संभाला गया.

अचानक रखी कार की डिमांड
इधर बारात दरवाजे पर पहुंची तो यहां प पहुंचते ही दूल्हे ने दुल्हन पक्ष के लोगों के सामने अचानक कार की डिमांड रख दी. दूल्हे के द्वारा की गई इस अचानक डिमांड से हर कोई हैरान रह गया. किसी तरह यहां भी मामले को संभाला गया. इसके बाद जयमाला का कार्यक्रम हुआ. लेकिन यहां भी दूल्हे ने हरकत कर डाली. हुआ ये कि दुल्हन का चचेरा भाई दुल्हन के साथ फोटो खिंचवा रहा था. उसे देखते ही दूल्हा गुस्सा हो गया. युवक ने बताया कि वह चचेरा भाई है. मामला बिगड़ता इससे पहले यहां पर भी किसी तरह प्रोग्राम को संभाल लिया गया.
दुल्हन को मार दिया थप्पड़
नशे में दूल्हे की हरकतों को किसी तरह संभाला जा रहा था, लेकिन फिर वो हुआ जिसके बाद मामला पूरी तरह से हाथ से निकल गया. हुआ ये कि अबकी बार खाना खाने के दौरान दूल्हा दुल्हन से झगड़ गया. झगड़ा भी ऐसा कि सबके सामने दुल्हन को थप्पड़ मार दिया. इससे शादी में हंगामा हो गया. गुस्से में तमतमाई दुल्हन ने तुरंत कहा कि मैं इस नशेबाज से शादीनहीं करूंगी. ये तो मेरी जिंदगी बर्बाद कर डालेगा. दूल्हन के ऐलान के बाद शादी में हंगामा हो गया. दोनों पक्षों के लोग रूठी दुल्हन को मनाने के लिए जुट गए. घंटों पंचायत चली. बारातियों को बंधक बनाए जाने की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन समाधान कुछ नहीं हुआ. आखिर में लेन—देन को लेकर जो समझौता हुआ उसे पूरा करने के बाद दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस चला गया.