आगरालीक्स…आगरा के उस डॉक्टर की बात जिनके लिए खेल महज मनोरंजन नहीं है बल्कि खूबसूरती से जीने की एक कला है, डॉ. अरुण तिवारी शूटिंग में जाना—माना नाम हैं, हाफ मैराथन में 10 किमी. दौड़ लगाने के बाद जनता से कहा कि फिट रहने के लिए खेलें—कूदें
आगरा में एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन की हाफ मैराथन में रविवार को 3000 से अधिक लोग दौड़े। शहर का एक और चर्चित चेहरा डॉ. अरुण तिवारी भी इस खेल गतिविधि में शिरकत करते दिखे। हाफ मैराथन में 10 किमी तक दौड़ लगाने के बाद डॉ. तिवारी ने आगरालीक्स से कहा कि वे आए दिन ऐसे लोगों से मिलते हैं जो सिर्फ इसलिए बीमार हैं कि वे शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं हैं। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि आम लोगों तक यह संदेश पहुंचे कि एक स्वस्थ जिंदगी जीने के लिए खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाएं।
डॉ. तिवारी ने कहा कि वे नियमित रूप से न सिर्फ व्यायाम करते हैं बल्कि शूटिंग के अपने कौशल को निखारने के लिए भी क्रियाशील हैं। खेल उनके लिए महज मनोरंजन नहीं हैं बल्कि जिंदगी को खूबसूरती के साथ जीने की एक कला भी है। बता दें कि सीनियर यूरोलॉजिस्ट एंड एंडोलॉजिस्ट डॉ. अरुण तिवारी चिकित्सा क्षेत्र का एक बड़ा नाम हैं। इससे इतर उनकी दिलचस्पी शूटिंग के खेल में है। वे शूटिंग की राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कई बार पदकों की बौछार कर शहर का मान बढ़ा चुके हैं। 62 वीं नेशनल शूटिंग चैम्पियनशिप सहित कई बार उन्होंने 10, 25 और 50 मीटर एअर पिस्टल वेटरन पुरूष वर्ग में भी स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। मरीजों के बीच अपनी व्यवस्तम दिनचर्या के बावजूद वे निरंतर अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और अभ्यास के लिए समय निकालते हैं।