आगरालीक्स… आगरा का हस्तशिल्प मेला खास होगा, कल्याणकारी महिला समिति की ओर से 21 अक्टूबर को आगरा क्लब में एक वृहद स्तरीय हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में प्रदेश एवं प्रदेश से बाहर के हस्तशिल्पी अपनी स्टाॅल्स लगाएंगे। वहीं मेले में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही स्तन कैंसर व अन्य खतरों की पहचान के लिए ब्रेस्ट स्क्रीनिंग की जाएगी। हस्तशिल्प मेले का आयोजन महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना भी है। यह जानकारी बुधवार को कल्याणकारी महिला समिति के पदाधिकारियों ने दी।

समिति की ओर से आगरा कैंट रोड स्थित ग्रांड होटल में एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें 21 अक्टूबर को लगने वाले इस हस्तशिल्प मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई। मेला संयोजिका नीलिमा पाटनी ने बताया कि मेले में प्रदेश व प्रदेश से बाहर से आए शिल्पियों द्वारा दर्जनों स्टाॅल लगाई जाएंगी, जिनमें सजावट की चीजें, कपड़े, पत्थर व धातुओं से बनीं वस्तुएं, एक्सेसरीज, गिफ्ट आईटम्स जैसी चीजें शामिल होंगी। ये सभी सामान भारत की हस्तशिल्प और हस्तकलाओं की शानदार परंपरा की झलक दिखाने वाले होंगे। समिति अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि कल्याणकारी महिला समिति आगरा में महिलाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए काम कर रही है। ऐसे में इस हस्तशिल्प प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना भी है। महिलाओं को इस मेले में आमंत्रित किया गया है ताकि अपनी रूचि अनुसार वह अपने लिए सामग्री का चयन कर उसके निर्माण की कला सीखें और स्वरोजगार के प्रति आकर्षित हों। उन्होंने बताया कि मेले में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा, जिसमें बीएमडी, बीएमआई के साथ ही ब्रेस्ट स्क्रीनिंग की जाएगी। पर्यावरण सुरक्षा के लिए महिलाओं को प्रेरित करने के लिए कपड़े के थैलों का वितरण किया जाएगा। कोषाध्यक्ष सविता पालीवाल ने कहा कि हस्तशिल्प एक ऐसा हुनर है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति खासकर महिलाएं घर पर बैठे ही रोजगार प्राप्त कर स्वावलंबी बन सकती हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण भी कर सकती हैं। प्राचीन काल में भी हस्तशिल्प का बहुत अहम योगदान रहा है। इस मेले का लाभ हस्तशिल्पियों को भी होगा, चूंकि वे इतनी मेहनत से जो सामान तैयार करते हैं उसे एक नई जगह प्रदर्शित किया जा सकेगा। इसके अलावा मेले के दौरान महिलाओं की कई प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी जिसमें विशेष रूप से फैंसी ड्रेस, डांस, कुकिंग, मेंहदी आदि प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। जो भी महिलाएं मेले में बीएमआई, बीएमडी, ब्रेस्ट स्क्रीनिंग जांचें कराना चाहें, प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहें या जो लोग स्टाॅल लगाना चाहें वह समिति अध्यक्ष अशु मित्तल से मो. नंबर 9319102686 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर पुष्पा मेहरा, सन्तोष गर्ग, विमला आसोपा, शशि गोयल, शीला खण्डेलवाल आदि मंचासीन थीं।