आगरालीक्स…शुभ-दीपावली, रोशनी से झिलमिलाया पूरा शहर. छह बजे के घर—घर होगा लक्ष्मी पूजन, आज फूटेंगे बम-पटाखे
खुशियों के पर्व दीपावली की धूम शहर से लेकर देहात तक मची हुई है। घरों और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी पूजन के साथ ही बम-पटाखों की धूम शाम ढलते ही शुरू हो जाएगी। बच्चे तो दिन से ही बम-पटाखे छुड़ाने में लग गए। रात में आतिशबाजी से आसमान सतरंगी रोशनी से नहा जाएगा। आकर्षक रोशनी से घर और प्रतिष्ठान भी नहा उठेंगे। देर रात तक शहर में बम-पटाखों की धूम सुनाई देगी। पूरा शहर दीपावली की खुशियों से सराबोर नजर आ रहा है।
दीपोत्सव पर आज पूरा शहर दीपावली की खुशियों में रंगा नजर आ रहा है। शाम होते ही पूरा शहर रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से नहा उठेगा। प्रतिष्ठानों और घरों में विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना और पकवानों व मिष्ठानों का भोग लगाने की तैयारियां चल रही हैं। आज सुबह सभी घरों में अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा व्यस्तता रही। सुबह से ही घरों की साफ-सफाई और साज-सज्जा लगी महिलाएं दोपहर को भोजन और पकवान बनाने में जुट गर्इं। घर के पुरुष दिया, लाई, बताशे, फूल, मिठाइयां और अन्य पूजन सामग्रियों की खरीददारी में व्यस्त रहे तो गली-मोहल्लों में बच्चे बम-पटाखे छुटाने में। युवाओं ने दिवाली के लिए कपड़े, पटाखे खरीदने में पूरा समय बाजार में बिताया। घरों में हर सदस्य लक्ष्मीजी के स्वागत में जुटा रहा। शाम होते ही घर, छतें और दीवारें रंग-बिरंगी रोशनी और दीयों से नहा उठेंगी। विधि विधान से पूजन के बाद शुरू होगा बम-पटाखे और खुशियों की फुलझड़ियां छुड़ाने का दौर जो देर रात तक जारी रहेगा। खुशी और उत्साह के प्रदर्शन में शहरवासी करोड़ों रुपये फूंकेंगे। बारूदी धमाकों से देर रात तक शहर गुंजायमान रहेगा। हालांकि प्रशासन ने रात दस बजे के बाद तेज धमाके वाले पटाखों के छुड़ाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। सुप्रीमकोर्ट के इस आदेश की पालना की जिम्मेदारी इलाका पुलिस पर है। अब देखना होगा कि शहर में पुलिस इसका कितना पालन करती दिखाई देगी।
100 से 120 रुपये किलो तक बिका गेंदा
घर और प्रतिष्ठानों की सजावट व पूजने के लिए गेंदे के फूल की सुबह से ही बिक्री शुरू हो गई। सुबह गेंदे का फूल सौ से एक सौ बीस रुपये किलो तक बिका। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर गली-मोहल्लों में ठेलों पर गेंदा फूल लेकर बिक्रेता घूमते रहे। लोग दाम पूछते हुए नजर आए। दोपहर में फूलों में कुछ तेजी आई, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि शाम होते ही इनके दामों में कमी आएगी। एक फूल बिक्रेता ने बताया कि इस बार फूलों की आवक कम रहने से फूलों के दाम ज्यादा रहे।