आगरालीक्स… आगरा में सपा से हरेंद्र यादव, उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य सहित छह को निष्कासित कर दिया गया है। सपा नेता राजपाल यादव के साथी रहे हरेंद्र यादव उनसे अलग हो गए हैं। उनके भाजपा में जाने की चर्चाएं लंबे समय से चल रही हैं। ऐसे में बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने हरेंद्र यादव उनकी पत्नी सकला सिंह, वीरेंद्र यादव सहित छह सपा कार्यकर्ताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
आगरा में कई सालों से सपा के राजपाल और हरेंद्र यादव की जोडी मशहूर है, जिला पंचायत के चुनाव में इन दोनों की जोडी के चलते जिला पंचायत अध्यक्ष पद सपा ने कब्जाया था। राजपाल यादव की पत्नी कुशल यादव और हरेंद्र की पत्नी सकला सिंह जिला पंचायत चुनाव जीती थी। कुशल यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए लोगों ने लॉबिंग की थी। इसके बाद से दोनों के संबंधों में दरार पडने लगी, देखते ही देखते दोनों एक दूसरे का पर्दे के पीछे से विरोध करने लगे।
वीरेंद्र यादव ने दर्ज कराया मुकदमा
इसी बीच हरेद्र के साथी वीरेंद्र यादव ने राजपाल यादव और कुशलयादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा लिया। इसके बाद से दोनों एक दूसरे के विरोध में खुलकर आ गए, एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा का माहौल गर्माया, जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर निगाह
प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद हरेंद्र की नजदीकी भाजपा नेताओं से बढती जा रही हैं। वहीं, सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा भी सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी छीनना चाहती है, फतेहपुर सीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल के बेटे ने भी जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए दावेदारी की थी, अब इसका समय आ गया है। हरेंद्र यादव को भाजपा अपने पाले में लेकर बडा फेरबदल कर सकती है। इसके लिए राजनैतिक पैंतरेबाजी शुरू हो चुकी है।
Leave a comment