High tension line falls on bus in Agra, SDO, JE suspend, 3 FIR lodged
आगरालीक्स.. आगरा में बारात लेकर जा रही बस पर हाई टेंशन लाइन का तार गिरने से दर्दनाक हादसे में दो की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने डायल 100 को फूंक दिया। बस आग का गोला बन गई, हादसे में 15 लोग झुलस गए हैं। इस मामले में सोमवार को प्रारंभिक जांच के बाद दक्षिणांचल के एमडी एसके वर्मा ने एसडीओ रणवीर सिंह व जेई विशाल कोष्टा को निलंबित किया है। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख तथा घायलों को पचास-पचास हजार मुआवजा देने की घोषणा की गई है। वहीं घटना के संबंध में तीन मुकदमे लिखे गए हैं।
रविवार की रात दिलदहला देने वाला हादसा हुआ था। दूल्हों के पिता विशन स्वरूप और ग्रामीण जगदीश की मौत हो गई थी। आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जल गए थे। बस खाक हो गई थी। स्लीपर कोच बस हाईटेंशन लाइन से टच होने पर हादसा हुआ था। लाइन नीचे थी। उसे ऊपर नहीं किया गया था। इसी को घोर लापरवाही माना गया है।
वहीं एक मुकदमा हादसे का विशन स्वरूप के बेटे अनिल ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लिखाया है। दो अन्य मुकदमे पुलिस ने पुलिस पर हुए हमले के लिखाए हैं। इन मुकदमों में 500 अज्ञात है।
आगरा के ताजगंज के धांधुपुरा में फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी उदयभान सिंह के चचेरे भाई विशन स्वरूप रहते हैं। उनके दो बेटे विक्रम और जयपाल की शादी कागारोल के लौरई गांव में मेंबर सिंह की बेटी शिखा और अंजली की बेटी से होनी थी। इसके लिए रविवार रात को धांधपुरा से डबल डेकर बस से बारात निकली। बस में 100 लोग सवार थे।
बाराती की जुबानी
बाराती नैना सिंह ने बताया कि रात साढ़े नौ बजे नगला मृदंगा के पास सामने से बाइक पर युवक तेजी से आ रहा। उसे बचाने को बस ड्राइवर ने कोशिश की। कम ऊंचाई पर लटके तार बस को छू गए। जोर का झटका लगा। टायर फटने का धमाका हुआ, लोग बस से कूदने लगा, इसी बीच बस में आग लग गई। बस में 50 लोग फंस गए।
उन्हें निकालने की कोशिश की गई। 25 तो निकाल लिए गए। 25 झुलस गए। हादसे में विशन स्वरूप (65) और जगदीश (64) की मौत हो गई। झुलसे लोगों में विजेंद्र सिंह, मनोहर, दीपक , सम्मान सिंह, लेबर, नेम सिंह, सिंटू, पिंटू शामिल हैं। इनमें एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के देर से पहुंचने पर फूंकी डायल 100
हादसे के काफी देर बाद तक पुलिस नहीं पहुंची, इससे लोगों में आक्रोश था, करीब एक घंटे बाद थाना कागारौल और मलपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया। पथराव शुरू कर दिया। कुछ पुलिसवालों को जलती बस में फेंकने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने मुश्किल से जान बचाई। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस की डायल 100 जीप में आग लगा दी। कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और एसएन इमरजेंसी भेजा। हादसे में दूल्हे जयपाल और विक्रम के पिता विशन स्वरूप और एक अन्य ग्रामीण जगदीश पुत्र रामगुलाब की मौत हो गई। सूचना पर एसपी ग्रामीण (पूर्वी) अखिलेश नारायण मौके पर पहुंच गए। पुलिस फोर्स बुलाया गया। हादसे की जानकारी होने पर जिलाधिकारी गौरव दयाल भी पहुंच गए।