आगरालीक्स.. आगरा में हॉरर किलिंग में बीएससी छात्रा की हत्या कर दी, उसके प्रेमी ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने चिता को बुझाकर शव को बाहर निकाला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
आगरा के ताजगंज की कोटली बगीची में गायत्री गार्डन के पास रहने वाले भारतवीर चाहर की की बेटी नंदिनी के मथुरा लक्ष्मीनगर निवासी भूपेंद्र ठाकुर से प्रेम संबंध थे। नंदिनी चार सितंबर को प्रेमी के पास मथुरा पहुंच गई। भूपेंद्र ने उससे उसे शादी करने की बात कहकर समझाया और लौटा दिया, तभी से परिजन उसको टॉर्चर कर रहे थे। दो दिन पहले नंदिनी ने प्रेमी भूपेंद्र को फोन पर इसकी जानकारी दी। रविवार रात 10.30 बजे किसी ने भूपेंद्र को नंदिनी की हत्या की जानकारी फोन पर दी। उसने यह भी बताया कि अब परिजन लाश जलाने ले जा रहे हैं। प्रेमी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सीओ सदर उदयराज सिंह, इंस्पेक्टर ताजगंज राजा सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। युवती के घर के दरवाजे खुले थे, लेकिन घर में कोई नहीं था। महिलाएं और बच्चे भी भगा दिए थे। पुलिस ने श्मशान घाट जाकर देखा, तो युवती का शव 95 फीसद जल चुका था। चिता पर पानी डालकर पुलिस ने आग बुझाई और शव के अवशेष कब्जे में ले लिए। युवती जाट समाज से थी और उसका प्रेमी ठाकुर समाज से। दोनों की जाति अलग होने कारण युवती के परिजन शादी को तैयार नहीं थे।

मीडिया को इंस्पेक्टर उदयराज सिंह ने बताया कि परिजन घर से फरार हैं। आशंका है कि उन्होंने युवती की हत्या की है। पुलिस अपनी ओर से सभी घरवालों के खिलाफ हत्या और सुबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज करेगी। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
परिजनों ने पीटा और करंट लगाया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भूपेंद्र का कहना है कि नंदिनी के पास मोबाइल नहीं था। उसने किसी के मोबाइल से दो दिन पहले फोन किया था। बताया था कि मथुरा से लौटकर घर पहुंचने के बाद परिवार वाले उसे पीट रहे हैं। उसके भाई और ताऊ के बेटे उसे टॉर्चर कर रहे हैं। हाथ-पैर बांधकर उसको डंडों से पीटते हैं और करंट भी लगाया जाता है। उसने यह भी आशंका जताई थी कि परिजन उसे मार डालेंगे।