आगरालीक्स… आगरा में बैंक पीओ की परीक्षा में पेपर सॉल्वर पकडे गए हैं, इनके तार बडे गिरोह से जुडे हुए हैं। पुलिस ने तीन पेपर सॉल्वर को अरेस्ट किया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
आगरा के ग्रीन क्लीन डिग्री कॉलेज परिसर स्थित एमएस इंस्टीट्यूट में रविवार को आरआरबी की ऑनलाइन बैंक पीओ परीक्षा थी। आॅनलाइन परीक्षा करा रही टीसीएस के हैड अभिषेक ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि टूंडला निवासी राहुल टेढ़ी बगिया निवासी देवेंद्र की जगह परीक्षा देने आया था। बिहार के नालंदा निवासी उमाशंकर टेढ़ी बगिया निवासी श्रीनिवास की जगह परीक्षा दे रहा था। जबकि टूंडला निवासी मान सिंह की जगह बिहार के लक्की सराय निवासी सौरभ परीक्षा देने पहुंचा था। ये सभी सुबह दस बजे से होने वाली परीक्षा के लिए केंद्र में पहुंच गए। प्रवेश पत्र में सॉल्वर्स ने अपना फोटो लगा रखा था, जबकि संस्थान के पास पहुंची एडमिट कार्ड में दूसरे अभ्यर्थी के फोटो थे। इससे मामला खुल गया। टीसीएस कंपनी के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद रविवार रात लगभग नौ बजे तीनों सॉल्वर को पुलिस को सौंप दिया। एसओ खंदौली देवेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। राहुल पुत्र रमेश निवासी टूंडला, उमाशंकर माधव पुत्र महेंद्र पंडित निवासी नालंदा बिहार, सौरभ पुत्र अमृत यादव निवासी लक्की सराय, बिहार को अरेस्ट कर लिया है।
बिहार के हैं सॉल्वर
पेपर सॉल्वर में जिस तरह दो लोग बिहार के मिले हैं, इससे मामले के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े माने जा रहे हैैं। पुलिस की गिरफ्त में आए उमाशंकर ने बताया कि वह दिल्ली में मुखर्जी नगर स्थित एक कोचिंग में कंपटीशन की तैयारी कर रहा था। छह माह पहले उसने कोचिंग छोड़ दी। इसके बाद वह सेल्फ स्टडी कर रहा था। रुपये कमान के लालच में वह फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने आ गया। पुलिस अब उन्हें परीक्षा दिलाने को असली अभ्यर्थियों से मिलवाने वाली कड़ी के बारे में जानकारी कर रही है।